Friday, December 12, 2025

हैसियत बताते हैं आपके फॉलोवर्स

सोशल साइट्स फेसबुक, ट्विटर, यू-ट्यूब और तमाम दूसरी बहुत सी सोशल साइट्स पर आज यूज़र्स की संख्या एक अरब से ऊपर पहुँच गयी है | ज़ाहिर है कि सोशल साइट्स की यह तादाद एक दिन में नही बढ़ी है | पूरी दुनिया के लोग सोशल साइट्स की उपयोगिता को अच्छी तरह से सोचने समझने और परखने के बाद ही इस बिरादरी में शामिल हुए है | कहा तो यहाँ तक जाता है कि सोशल साइट्स यूज़र्स ने अपनी एक काल्पनिक दुनिया बसा लिया है जहाँ सभी के सुख-दुःख एक हो गए हैं और समस्याओं के बाँटने की ज़िम्मेदारी किसी एक पर नही रह गयी | यह एक ऐसा संसार है जहाँ लोग वास्तविक लोकतंत्र का आनंद उठा रहे हैं | यह चमत्कार एक दिन में नही हो गया है | पिछले कई वर्षों से तमाम लोकप्रिय सोशल साइट्स की संचालक कम्पनियाँ इस वर्चुअल वर्ल्ड को बसाने और इसे तमाम एप्स के ज़रिये सुविधाओं से लैस करने में जुटी रहीं हैं | सोशल साइट्स की सफलता पर लगभग एक अरब लोगों ने अपने विश्वास की मोहर लगाकर इसकी उपयोगिता को सिद्ध कर दिया है |

             भारत में सोशल साइट्स पर लगभग दस करोड़ लोग हैं जो बाकायदा सोशल साइट्स की लोकतान्त्रिक व्यवस्था का न सिर्फ उपयोग कर रहे हैं बल्कि एक बड़ी ताक़त के रूप में विरोध की आवाज़ बनकर उभरे हैं | आपको आश्चर्य होगा कि सत्ता को सबसे ज्यादा परेशानी या विरोध का सामना करना पड़ रहा है तो सोशल साइट्स के कई करोड़ उपभोक्ताओं का | आज पूरी दुनिया ने यह मान लिया है कि सोशल साइट्स का प्रचार तंत्र सबसे ज्यादा मजबूत है और इसके ज़रिये से दुनिया के किसी भी कोने में अपनी बात पहुँचाई जा सकती है |
             एक समय ऐसा था जब फिल्मों में काम करने वाले अभिनेता और अभिनेत्रियों को अपनी लोकप्रियता और बाज़ार में अपनी मांग बनाये रखने के लिए बेतहाशा पैसा मिडिया पर ख़र्च करना पड़ता था | आज वक़्त बदल गया है | सदी के महानायक अमिताभ बच्चन सरीखे अभिनेता ट्विटर और फेसबुक जैसी सोशल साइट्स पर बाकायदा आसन जमाकर बैठे हुए हैं और हर दिन अपने प्रसंशकों की भीड़ में बढ़त बनाये हुए हैं | आज हालात ये है कि फेसबुक पर अमिताभ बच्चन के किसी सौ शब्दों के पोस्ट को पांच से सात मिनट में कई लाख लोग लाइक करते हैं और ट्विटर पर ट्वीट किये गए उनके 160 शब्दों से हंगामा हो जाता है | बॉलीवुड के सुप्रसिद्ध अभिनेता आमिर खान, सलमान खान और शाहरुख़ खान उन अभिनेताओं में हैं जो अपनी लोकप्रियता साबित करने के लिए सोशल साइट्स को ही आधार बनाये हुए हैं | आज शायद ही कोई ऐसा फ़िल्म या टीवी कलाकार हो जो किसी न किसी सोशल साईट पर मौजूद न हो | मज़े की बात यह है कि फिल्मों के निर्माता और निर्देशक भी सोशल साइट्स पर किसी अभिनेता या अभिनेत्री की लोकप्रियता का ग्राफ देखकर ही उसे कास्ट कर रहें हैं |
             राजनीति के मैदान में भी सोशल साइट्स की तूती बोल रही है | आज बड़े से बड़ा नेता वक़्त निकालकर ट्वीट करता है, बड़े-बड़े मंत्री और प्रधानमंत्री तक ट्विटर पर मौजूद है | अमेरिका में राष्ट्रपति भी अपनी बात कहने के लिए सोशल साइट्स का इस्तेमाल कर रहें हैं | भारत में चुनावों में प्रचार पर होने वाले खर्च में सोशल साइट्स के चलते बजट में काफी कमी आई है | मुफ़्त के इस प्रचारतंत्र की गंगा में जिसे देखिये वही गोते लगाने को उतावला दिखाई दे रहा है | दरअसल सोशल साइट्स ने बड़ी से बड़ी दूरियों को लगभग मिटा दिया है | दुनिया के किसी भी कोने में पहुँचने के लिए बस आपकी एक क्लिक ही काफी हो गयी है | सच मानिए तो सोशल साइट्स के कारण पूरी दुनिया का भूमंडलीकरण हो गया है और हम सभी एक ही गाँव के वासी हो गए हैं |
             सोचने वाली बात है कि आखिर सोशल साइट्स पर ऐसा क्या है जिसने पूरी दुनिया को अपनी मुठ्ठी में कर लिया है | फेसबुक निर्माता मार्क जुबेर में कभी सोचा भी नही होगा कि वह एक नयी दुनिया ही बसाने जा रहा है | एक ऐसी दुनिया जिसमे जीने के लिए स्पेस ही स्पेस होगा | आखिर क्या है इस सफलता का राज़ ?
             सोशल साइट्स की सफलता का राज़ हैं वो फॉलोवर्स जो इन  माध्यमों पर एकाउन्ट बनते ही एक दूसरे का हाथ पकड़ कर एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा बन जाते हैं | ये फॉलोवर्स फेसबुक, ट्विटर, यू-ट्युब के आलावा किसी भी सोशल साइट्स पर सेलिब्रिटीज़ के प्रसंशकों के रूप में लाखों की संख्या में मौजूद रहते हैं | यह सवाल पूछा जा सकता है कि आखिर इतनी बड़ी तादाद में किसी व्यक्ति विशेष की दीवानगी का मतलब क्या है ? क्या इन फ़ॉलोवर्स के होने का कोई फायदा है ? और यह सवाल भी है कि क्या सोशल साइट्स का हर उपभोक्ता इतनी बड़ी संख्या में फॉलोवर्स जूटा सकता है ? दरअसल ये फॉलोवर्स किसी लोकप्रिय हस्ती का वोट बैंक होता है | यह वोट बैंक साबित करता है कि उस हस्ती की समाज में जगह क्या है ? सेलेब्रिटीज़ द्वारा लगातार ऐसे काम किये जाते हैं जिससे उनके फॉलोवर्स बढ़ते रहें और उन्हें अपने काम के पक्ष में समर्थन मिलता रहे. फॉलोवर्स किसी हस्ती की ताक़त होते हैं | मौजूदा दौर में फेसबुक और ट्विटर ऐसी बड़ी सोशल साइट्स हैं जिनका क्रेज़ आज हर उस आदमी के सर चढ़कर बोल रहा है जो बाज़ार की प्रतियोगिता में अपनी मांग को बढ़ाये रखने के लिए प्रचार के मुफ़्त संसाधन इस्तेमाल करना चाहता है |
             भारत में सोशल साइट्स पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराये रखने का क्रेज़ कितना बढ़ चुका है, इसका अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उत्तराखंड की त्रासदी पर सोशल साइट्स पर लोगों ने इतने पोस्ट और ट्वीट किये कि वहाँ के चप्पे-चप्पे की ख़बर पूरी दुनिया को हो गई | सोशल साइट्स पर आई सामग्री अन्य प्रचार माध्यमों के लिए फीडबैक बनी | उत्तराखंड त्रासदी की तस्वीरें सबसे पहले सोशल साइट्स पर पोस्ट की गई और ऐसा करने वाले और कोई नही वो लोग थे, जो उत्तराखंड त्रासदी में इधर-उधर लापता हो गए थे |
             दरअसल सोशल साइट्स की ताक़त का एहसास और इस प्लेटफ़ार्म पर होने का मज़ा तभी है जब किसी एकाउन्ट होल्डर के पास फॉलोवर्स की संख्या अच्छी खासी हो | अगर आपकी पोस्ट पर या ट्वीट पर कोई प्रतिक्रिया नही आती तो कोई कितनी महत्वपूर्ण बात क्यों न करें, सोशल साइट्स पर उसका कोई असर नही होगा | बहुत बार बहुत सी पोस्ट और ट्वीट बेकार चली जाती है क्योंकि फॉलोवर्स की कमी के कारण वह सूचना लोगों तक नही पहूँच पाती | मान लीजिये कि आप किसी दुर्घटना के शिकार हो गए हैं | आपने अपने मोबाइल फोन से अपने फेसबुक एकाउन्ट पर अथवा ट्विटर एकाउन्ट पर कोई सूचना पोस्ट या ट्वीट की | अगर आपके फॉलोवर्स  हज़ारों लाखों में हों तो आपके मुसीबत में फंसे होने की ख़बर कुछ ही मिनट में सबको मिल जाएगी और आपको यथोचित मदद उपलब्ध करायी जा सकेगी लेकिन आपके सोशल साइट्स एकाउन्ट पर फॉलोवर्स की संख्या दो चार ही है तब सोशल साइट्स आपकी कोई मदद नही कर पायेगा |
              शायद यही वजह है कि सोशल साइट्स का सांचालन करने वाली कंपनिया आपका एकाउन्ट साईट पर बनने के फ़ौरन बाद आपसे नए-नए मित्रों को जोड़ने का आग्रह लगातार करता है | वह जनता है कि किसी एकाउन्ट होल्डर के फॉलोवर्स जितने ज्यादा होंगें, उसे उतना ही फ़ायदा होगा | सोशल साइट्स एक बड़े जंगल की तरह है जिसमे कोई सूचना फॉलोवर्स के बीच जंगल की आग की तरह फ़ैल जाती है |
              फॉलोवर्स की संख्या के कारण ही सोशल साइट्स को उत्पादों के प्रचार का भी सशक्त माध्यम माना गया है | आज छोटी-बड़ी लगभग सभी सोशल साइट्स अपने एक अरब एकाउन्ट होल्डर्स की वॉल अथवा पेज पर जमकर विभिन्न उत्पादों का विज्ञापन कर हज़ारों करोड़ की कमाई कर रहें हैं | सोशल साइट्स पर यह ज़रूरी नही है कि किसी सेलेब्रिटी को ही महत्व दिया जाये | सोशल साइट्स के लिए वे सभी लोग महत्वपूर्ण हैं जिनके हज़ारों लाखों फॉलोवर्स है या हज़ारों दोस्त हैं | सोशल साइट्स पर किसी कंपनी के विज्ञापन की कीमत एकाउन्ट होल्डर के फॉलोवर्स की संख्या पर तय होती है | सुप्रसिद्ध क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन और फिल्म अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने अपने फॉलोवर्स की संख्या के आधार पर सोशल साइट्स का संचालन करने वाली कंपनियों से मोटी कमाई की है |
              अमेरिका और जर्मनी के बाद भारत तीसरा ऐसा देश है जहाँ सोशल साइट्स पर फॉलोवर्स की संख्या का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है | अमेरिका में कई हस्तियाँ ऐसी हैं जिनके फॉलोवर्स की संख्या दो करोड़ पार कर गई है | कई बॉलीवुड अभिनेता ऐसे हैं जिनके फॉलोवर्स की बढ़ती संख्या को एक निश्चित सीमा के बाद कुछ तकनीकी कारणों से रोक देना पड़ा | देश में अमिताभ के फॉलोवर्स लगभग दस लाख हैं | उनसे ज्यादा फॉलोवर्स नरेन्द्र मोदी के हैं | बीच में एक समय ऐसा भी आया था जब समाजसेवी अन्ना हजारे और बाबा रामदेव के फॉलोवर्स सोशल साइट्स पर काफी थे लेकिन बाद में लोगों की रूचि इनमे कम हो गई | विदेशों में सोशल साइट्स पर मौजूद लोग खुद पोस्ट या ट्वीट करते हैं | भारत में इस काम के लिए तमाम हस्तियों ने कुछ लोगों की तैनाती कर दी है जो दिन भर उनके नाम से ट्वीट करते रहते हैं | अमिताभ बच्चन कभी-कभी फेसबुक अथवा ट्विटर पर पोस्ट या ट्वीट करते हों लेकिन अधिकतर इनके माताहत ही यह काम करते रहते हैं |
               जानकारों का मानना है कि सोशल साइट्स न सिर्फ आपको सही और काम की सूचनाये देती हैं बल्कि यह आपके सामाजिक दायरे को भी बढ़ाती है, आपके ज्ञान में वृद्धि करती है | इसलिए यदि आप किसी सोशल साइट्स पर मौजूद हैं तो लगातार अपने फॉलोवर्स बढ़ाने की कोशिश कीजिये | यह एक कठिन काम है लेकिन नामुमकिन नही है | जानकारों का कहना है की फॉलोवर्स की संख्या कम इसलिए रहती हैं क्योंकि अधिकतर लोगों को आपकी रूचि और आपकी योग्यता के बारे में पता नही होता | इसलिए आवश्यक है कि पहले आप अपने रूचि के लोगों को फॉलो कीजिये, उनके बारे में जानकारी हासिल कीजिये और उन्हें अपने साथ जुड़ने के लिए निमंत्रित कीजिये | कभी मत भूलिए कि सोशल साइट्स पर होना ही काफी नही है फॉलोवर्स बढ़ाना भी यहाँ पर आपकी ज़िम्मेदारी है | सोशल साइट्स पर मौजूद आम लोग अक्सर सोचते हैं कि उनकी लोकप्रियता किसी विशेष हस्ती जैसी नही है इसलिए उनके फॉलोवर्स हज़ारो लाखों में नही हो सकते | यह गलत सोच है | सोशल साइट्स आपको भी हस्ती बना सकती है | बस आपके पास फॉलोवर्स होने चाहिए | जितने फॉलोवर्स होंगे, आपकी बात उतनी दूर तक जाएगी | किसी भी चीज़ को प्रोमोट करने के लिए सोशल साइट्स से बेहतर कुछ भी नही | और एक शुभ सूचना भी....बहुत जल्दी सोशल साइट्स ऐसी व्यवस्था करने जा रही है जिस पर आप अपने फॉलोवर्स की संख्या में इज़ाफा करके हर महीने खासी कमाई भी कर सकते हैं | ब्रॉड्बैंड इण्डिया का सुझाव है कि सोशल साइट्स पर फॉलोवर्स की संख्या बढ़ाने के चक्कर में हर किसी को फॉलोवर्स या मित्र मत बना लीजियेगा | इसमें बहुत लोगों को धोखा भी हुआ है | इसलिए ज़रूरी है कि आपके पास क्वालिटी के फॉलोवर्स हों | हमारी शुभकामनाएं......|

                                                     अजामिल

No comments:

Post a Comment