Monday, December 8, 2025

सुरक्षा की तकनीक


तन्मय व्यास 

     दिल्ली रेपकांड  की घटना के बाद महिलाओं के प्रति अपराधों में लगातार हो रही बढोत्तरी को लेकर सभी लोग चिंता कर रहे हैं | ये महसूस किया जा रहा है कि घरों में रहनेवाली और घरों के बाहर रह कर काम करनेवाली महिलाओं के पास कोई न कोई ऐसी सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए जिसका इस्तेमाल आपातकालीन स्थिति में महिलाएं पल भर में कर ले और उन्हें बाहर से मौके पर फ़ौरन सुरक्षा मिल जाए | दरअसल देखा यही गया है कि महिलाओं के प्रति जब हिंसा की कोई वारदात होती है तब महिला अकेली होती है या अपने परिवार में किसी के साथ होती है, ऐसे में अचानक बुरी परिस्थिति में उसे कोई सुरक्षा नहीं मिल पाती और वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी अपनी मंशा पूरी कर डालते हैं |
          महिलाओं की सुरक्षा को लेकर टेक्नोलॉजी की दुनिया में भी बहुत सारे ऐसे प्रबंध किये गए हैं जिनके माध्यम से पलक झपकते मुसीबत में फंसा हुआ कोई भी व्यक्ति अपने लिए सुरक्षा की मांग की सूचना प्रेषित कर सकता है | मोबाइल एप्स और कुछ दूसरे गैजेट्स में तमाम ऐसे उपाय दिए गए हैं जिन्हें मुसीबत में सिर्फ उपयोग कर लेने से मुसीबतज़दा व्यक्ति को सुरक्षा मिल सकती है | ऐसी तमाम एप्लीकेशंस को पहले अच्छी तरह से जानना होता है और फिर उन्हें अपने मोबाइल फोन में इन्सटौल करना होता है | आपातस्थिति में जब कोई मोबाइल फोन उपभोक्ता इस एप्लीकेशन का उपयोग करता है तब उसकी सूचना उस व्यक्ति के परिजनों अथवा पुलिस तक पहुँच जाती है जिसके आधार पर मुसीबत में फंसे व्यक्ति की लोकेशन को ट्रेस किया जा सकता है |
          बी सेफ ओएस एंड्रोइड, ब्लैकबेरी, आईओएस ये जीपीएस आधारित सेफ्टी अलार्म हैं | इनके माध्यम से आपातकालीन परिस्थिति में ऐसओऐस मैसेजेस यानी सेफ्टी सिग्नल संदेश उस मोबाइल तक प्रेषित किये जा सकते हैं जो कि उपभोक्ता का इमरजेंसी सिक्योरिटी नंबर होता है | मोबाइल फोन में इस ऐप्लिकेशन को इंस्टाल करने के बाद मोबाइल फोन उपभोक्ता को कुछ परिजनों कुछ दोस्तों और यदि वह चाहे तो सुरक्षा अधिकारियों के नंबर फीड करने होते हैं | इसमें अच्छी बात यह है कि उपभोक्ता पर जैसे ही कोई मुसीबत आती है, वह केवल और केवल एक बटन को दबाकर अपने परिजनों, दोस्तों अथवा सुरक्षा अधिकारी के पास सुरक्षा की गुहार लगा सकता है अथवा कॉल कर सकता है | इस ऐप्लिकेशन की यह भी खास बात है कि आपकी सुरक्षा में लगे लोग रियल टाईम जीपीऐस सिस्टम की मदद से लाइव ट्रैक करते हुए मोबाइल उपभोक्ता की लोकेशन पर नज़र रख सकते हैं | इस ऐप्लिकेशन में एक टाईमर सिस्टम लगाया गया है जो एक निर्धारित समय में अपने आप एसएम्एस या कॉल कर देता है | इसमें एक ऐसा मकैनिज़म है जिसे प्रेस करने के बाद कुछ ही सेकेंड में उपभोक्ता के फोन पर एक फेक रिंगटोन बजने लगती है जो अचानक आतंकी को डरा सकती है अथवा मोबाइल फोन को कान पर लगाते ही उसे भागने पर मजबूर कर सकती है |
          इसी तरह एंड्रोइड, ब्लैकबेरी और आईओऐस मोबाइल फोन्स पर लाईफ 360 फैमली लोकेटर भी लगाया गया है | इसे बनाने वाली मोबाइल कम्पनी का यह दावा है कि यह मुसीबत में फंसे मोबाइल उपभोक्ता अथवा किसी की भी सटीक लोकेशन देती है | इस ऐप्लिकेशन की मदद से आप अपने परिजनों, मित्रों के मोबाइल फोन को ट्रैक करके उनकी सही लोकेशन जान सकते हैं | इस ऐप्लिकेशन में जीपीएस के अलावा वाईफाई और सेल फोन सिग्नल्स देने वाले टावरों की भी मदद ली जाती हैं | अच्छी बात यह है कि इस ऐप्लिकेशन के ज़रिये कोई भी अपने मुसीबत में फंसे दोस्त को मैसेज भी भेज सकता है और यह ऐप्लिकेशन उस मैसेज और लोकेशन को सिलसिलेवार सेव करती चलती है | आप जैसे ही उस जगहे पर पहुँचते हैं, जहाँ आपके लिए कोई खतरा हो सकता है, आपके मोबाइल में प्री लोडेड यह ऐप्लिकेशन ऑटोमैटिकली प्री डिफाइन्ड मोबाइल नम्बर्स पर लोकेशन एलर्ट भेज देती है | इस ऐप्लिकेशन में एक पैनिक बटन दिया हुआ है जो इमेल, एसएम्एस से एसओएस मैसेज भेजने का काम करता है |
          एंड्रोइड और आईओएस मोबाइल फोन्स पर सर्किल ऑफ 6 की सुविधा भी अब दी जा रही है | सर्किल ऑफ 6 का मतलब होता है कि कोई भी  मोबाइल उपभोक्ता अपने किसी भी 6 दोस्तों अथवा 6 परिजनों में से किसी भी एक को मुसीबत के समय इस ऐप्लिकेशन के ज़रिये बुला सकता है | किसी भी आपात अथवा असहनीय स्थिति में यह ऐप्लिकेशन बस एक बटन दबाने के बाद प्री डिफाईन्ड मोबाइल नम्बर्स पर सूचना भेज देती है कि आप किसी मुसीबत में हैं और आपको तत्काल सहयोग की आवश्यकता है, इस ऐप्लिकेशन के ज़रिये आपके सर्किल ऑफ 6 के सभी सदस्यों को आप कहाँ है, इसकी सही लोकेशन भी मिल जाती है | यह ऐप्लिकेशन उन लोगों के लिए काफी कारगर है जिन्हें देर रात तक दफ्तरों में रुककर काम करना होता है अथवा रात को लौटते समय वो किसी मुसीबत में फंस गए होते हैं | ऐसे में सर्किल ऑफ 6 ऐप्लिकेशन आपातकालीन सहयोग के लिए जीपीएस मैप की मदद से आपकी लोकेशन और एसएम्एस प्रेषित कर सकती है |
          आज स्मार्ट फोन का ज़माना है | लगभग सभी के पास स्मार्ट फोन आज मौजूद है | फाईट बैक एक ऐसी सुरक्षात्मक मोबाइल ऐप्लिकेशन है जो स्मार्ट फोन्स, जावा बेस्ड फोन अथवा नोकिया फोन के एडवांस मॉडल्स में उपलब्ध है | बड़ी बात यह है कि इस ऐप्लिकेशन को भारत की सामाजिक परिस्थितियो को ध्यान में रखकर कुछ इस तरह से डिज़ाईन किया गया है कि इसे कोई भी उपभोक्ता आसानी से इस्तेमाल कर सके | यह ऐप्लिकेशन बहुत आसानी से किसी स्मार्ट फोन्स अथवा जावा बेस्ड फोन में इन्सटाल हो जाती हैं | किसी मुसीबत ज़दा परिस्थिति में इस ऐप्लिकेशन के ज़रिये जीपीएस, एसएम्एस, लोकेशन मैप, जीपीआरएस, ईमेल और फेसबुक अकाउंट के माध्यम से किसी भी समय अपने किसी प्रियजन से कनेक्ट हुआ जा सकता है | यह ऐप्लिकेशन 5 आपातकालीन मोबाइल नम्बर्स को सुरक्षित करने की सुविधा देती है | कोई उपभोक्ता जैसे ही ऐप्लिकेशन में पैनिक बटन को दबाता है wwwwwwwwwwwwwwwww.fightbackmobile.com के पर्सनलाइज्ड पेज पर लाईव एलर्ट अपडेट हो जाता है और यूज़र की लोकेशन तो मिल ही जाती है आप उसके मूवमेंट को ही ट्रैक कर सकते हैं | यह वेबसाईट यूज़र द्वारा प्री डिफाईन्ड मोबाइल नम्बर्स पर एसएम्एस भी भेजती है | अच्छी बात यह है कि यह वेब पोर्टल यूज़र के फेसबुक अकाउंट पर ऑटोमेटिक स्टेट्स अपडेट और एसओएस मैसेज भी भेज देता है और यह मैसेज आपके फेसबुक पर मौजूद दोस्तों को भी दिखाई देने लगता है |
          एंड्रोइड फोन पर मौजूद SOS Wshitle/scream Alarm  ऐप्लिकेशन में न तो जीपीएस सिस्टम है और ना ही एसओएस मैसेजिंग फीचर है | ये ऐप्लिकेशन यूज़र द्वारा दिए गए आपातकालीन नंबरों पर एक विशेष प्रकार की सीटी बजाने लगता है जो इस बात का संकेत होता है कि उनका कोई प्रिय सहायता के लिए बुला रहा है | सिर्फ एक बटन दबाकर किसी को भी यूज़र अपने मुसीबत में होने की सूचना दे सकता है | अच्छी बात ये है कि इस ऐप्लिकेशन में फोन में कोई सेटिंग नहीं करनी पड़ती | फोन साईलेंट भी होता है तबभी फोन में सीटी बजती है | इसके लिए कोई विशेष डाटा प्लैन लेने की भी ज़रूरत नहीं होती |
          एंड्रोइड फोन में वुमेन सेफ्टी के लिए खास तौर पर I AM SAFE ऐप्लिकेशन को डेवलप किया है | ये एक ट्रैकिंग ऐप्लिकेशन है आपका कोई प्रिय अगर घर के बाहर है तो यह ऐप्लिकेशन ऑटोमेटिकली नोटिफिकेशन ऑन करने पर लगातार आपके प्रियजनों को आप कहाँ हैं, इसकी सूचना मिलती रहेगी |
          एंड्रोइड, आईफोन, ब्लैकबेरी और नोकिया ये कुछ ऐसे मोबाइल हैं जो Eye Watch ऐप्लिकेशन से लैस हैं | इसकी खूबी ये है कि किसी मुसीबत में अगर यूज़र का मोबाइल ज़मीन पर गिर जाता है तो यह ऐप्लिकेशन फ़ौरन एक्टिवेट हो जाती है | मुश्किल में फोन को झटके देकर भी इस ऐप्लिकेशन को एक्टिवेट किया जा सकता है | इस ऐप्लिकेशन में इनबिल्ट ऑडियो, विडियो और इमेज सपोर्ट भी है जो ऐप्लिकेशन के एक्टिव होने पर एसओएस मैसेज में फोटो आवाज़ और विडियो के साथ लोकेशन भेजना शुरू कर देती हैं | महिलाओं की सुरक्षा के लिए यह ऐप्लिकेशन काफी कारगर है और काफी लोकप्रिय भी | यह ऐप्लिकेशन www.eye-watch.in से कभी भी डाऊनलोड की जा सकती है |
          घर के बाहर देर रात तक दफ्तरों में काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर आईफोन और एंड्रोइड फोन में One Touch location ऐप्लिकेशन में टाईमर सुविधा दी गयी है | जिसके ज़रिये केवल एक बटन क्लिक करके यूज़र अपनी लोकेशन अपने परिजनों अथवा दोस्तों को भेज सकता है | अच्छी बात ये है कि एक बार क्लिक करने के बाद इसे बार-बार क्लिक करने की आवयश्कता नहीं रह जाती, थोड़ी-थोड़ी देर पर यह सूचना देती रहती है |
          आईफोन और एंड्रोइड फोन के लिए ही Stay Safe ऐप्लिकेशन बनाई गयी है | इसके ज़रिये अगर आपने किसी के साथ मुलाक़ात का समय तय किया है तो आप उसकी डिटेल, एड्रेस, टेक्सी नंबर वगैरह डाल कर टाईमर लगा सकते हैं | इस टाईम को बढाने के लिए एक पिन नंबर की ज़रूरत होती है अगर यूज़र ने एक निशचित समय के भीतर उसे डिसेबल नहीं किया तो ऑटोमैटिकली लोकेशन समेत सारी सूचनाएं आपातकालीन निर्धारित नंबरों पर फॉरवर्ड हो जाती हैं | पैनिक बटन क्लिक करते ही मैसेज एलर्ट और सायरन बजना शुरू हो जाता है | उस स्थिति में अगर कोई उस ऐप्लिकेशन को बंद करना चाहे तो वह पिन नंबर डाले बिना बंद नहीं कर सकता और सबसे अच्छी बात यह है कि अगर कोई फोन को स्विच ऑफ भी करदे तबभी एलर्ट जाता रहता है | महिलायें StaySafeApp.com  से भी इसे डाऊनलोड कर सकते हैं | आईफोन और एंड्रोइड फोन में भी एक ऐप्लिकेशन ऐसी भी है जिसमे उपभोक्ता को टाईमर लगाने की सुविधा मिलती है | एक घंटे के बाद यदि टाईमर डिसेबल नहीं किया जाता तो ऑटोमैटिकली आपके द्वारा निर्धारित आपातकालीन नंबरों पर एसओएस एलर्ट भेजने का सिलसिला शुरू हो जाता है | ये बहुत अच्छी ऐप्लिकेशन है, खास तौर पर महिलाओं के लिए आपात स्थिति में उन्हें एसओएस बटन को चुपचाप दबाना होता है और उसके बाद आपका मोबाइल फोन आपकी लोकेशन के साथ आपके परिजनों और दोस्तों को फेसबुक, एसएम्एस और ईमेल से सूचना भेजना शुरू कर देता है | अच्छी बात ये है कि अगर मोबाइल फोन बंद भी हो जाए तो इस ऐप्लिकेशन GaurdMyAngel  के सर्वर में आपकी लोकेशन रिकॉर्ड होती रहेगी |
टेक्नोलॉजी ने आपके सहयोग सुविधा और सुरक्षा के लिए बहुत सारे इंतजाम किये हैं | दुर्भाग्यपूर्ण ये है कि शिक्षा के अभाव में हमारे पास इनकी जानकारी नहीं होती और हम परेशान होते रहते हैं | आप इन एप्लीकेशंस में से किसी को अपना सकते हैं लेकिन सबसे अच्छी बात ये होगी कि ऐसे जोखिम न उठायें जाएँ जिनमे आपकी जान को खतरा हो | क्योंकि बड़े बुजुर्गों ने कहा है कि बचाव ही सुरक्षा है |  

No comments:

Post a Comment