Monday, December 8, 2025

साइबर अपराध का रोमांच


** साइबर अपराधों का रोमांच
**अजामिल

इंटरनेट ने एक ओर जहाँ हमारी ज़िन्दगी को रोमांचक और आसान बना दिया है वहीँ तमाम ऐसे ख़तरे भी पैदा कर दिए हैं जो घटित होते हैं तो ज़िन्दगी को पटरी से उतरते भी देर नही लगती| यह सच है कि आज हम इंटरनेट के कारण एक दूसरे के इतने क़रीब आ गए हैं कि हमें किसी भी जानकारी को हासिल करने में एक़ मिनट भी नही लगता | इंटरनेट ने आज की आपाधापी में सबसे बड़ी बचत समय की की है, वहीँ किसी काम को करने में संसाधनों पर जो पूँजी ख़र्च होती थी वह आधे से भी कम हो गई है | मैनपावर का पहले से कहीं ज़्यादा बेहतर इस्तेमाल हो रहा हैं | इंटरनेट ने हमारी ज़िन्दगी को अनुसाशन, सलीका और सुनिश्चितता दी है | आज पूरी दुनिया में डेढ़ अरब से ज़्यादा लोग इंटरनेट सेवाओं का लाभ उठा रहें हैं | जानकारों का मानना है कि अमेरिका में यदि पांच मिनट के लिए भी किसी उपभोक्ता का इंटरनेट किसी वजह से डिसकनेक्ट हो जाता है तो वह उपभोक्ता पागलों की तरह व्यवहार करने लगता है | हमेशा तो नही लेकिन साल में एक दो बार ऐसा अवश्य होता है जब अमेरिका में इंटरनेट को चलाने वाले सिग्नल्स ड्रॉप कर जाते हैं, उस समय आधे घंटे में ही कई लाख डॉलर का चूना इंटरनेट उपभोक्ताओं को लग जाता है | हालाकि ऐसे हालात बहुत कम पैदा होते हैं | सरवर डाउन होने की शिकायतें अब बड़े मुल्कों की नही है | छोटे मुल्क़ सरवर की समस्यायों को अभी भी झेल रहें हैं | और बेशक़ यह समस्या न हो, इसके निदान भी दुनिया भर में युद्ध स्तर पर खोजे जा रहें हैं |
          बात यहीं तक नही है, इंटरनेट ने तमाम ऐसे ख़तरों को भी जन्म दिया है जिनसे बचने के लिए आज तमाम सुरक्षा कवच और कानूनों की ज़रूरत महसूस की जा रही है | सच मानिये तो अपने देश में साइबर अपराधों से निपटने की न तैयारी है, न कोई सोच है और न कोई प्रावधान है | आप को आश्चर्य होगा कि डेढ़ अरब लोगों के हमारे देश में साइबर अपराधों से निपटने के लिए पांच सौ साइबर अपराध निर्मूलन विशेषज्ञ भी नही है | जबकि अमेरिका में लगभग डेढ़ लाख विशेषज्ञ रात दिन साइबर अपराधों पर नज़र रखते हैं | चीन में साइबर अपराध निर्मूलन विशेषज्ञ सबसे ज़्यादा हैं | और यह भी आश्चर्य की बात है कि साइबर अपराधों के मामले में भारत दुनिया में पांचवें स्थान पर है | बावजूद इसके साइबर अपराधों की जांच-पड़ताल के लिए अभी तक भारत सरकार ने कोई वैज्ञानिक व्यवस्था सुनिश्चित नही की है | पुलिस की जानकारी साइबर अपराधों को लेकर ज़ीरो है | पिछले दिनों देश में कई बड़े साइबर अपराध हुए, करोड़ो रुपये का वारा-न्यारा साइबर अपराधियों ने साइबर अपराध करके चुटकी बजाते कर दिया | न जाने कितने एटीएम साइबर अपराधियों की करतूतों से खाली हो गए | लेकिन साइबर अपराध जगत में यह सारा कुछ मामूली अपराधों के दायरे में आता है | इंटरनेट का दुरूपयोग भी इंटरनेट के जानकार, कला मानने लगे हैं | सुरक्षा सिस्टम को भेदनेवाले हैकर्स होना भी सम्मानजनक बात हो गई है | किस्म-किस्म के वायरस के ज़रिये साइबर सुरक्षा कवच को नुकसान पहुँचाना साइबर अपराध जगत में इन दिनों धड़ल्ले से हो रहा है | आज किसी का चेहरा और किसी का धड़ जोड़कर मोर्फिंग के ज़रिये, पोर्नोग्राफी, पेडोफ़ाइल् (बाल यौन शोषण) से लेकर लिंग निर्धारण के अपराध भी साइबर जगत के लोकप्रिय अपराध बन चुके है |
         भारतीय साइबर अपराध जगत में सकुशल बस इतना ही है कि हमारे देश के साइबर अपराधी अभी केवल विदेशी साइबर अपराधों की नक़ल कर रहें हैं | हमारे देश में जो भी साइबर अपराध हो रहें हैं उसकी तकनीक विदेशो से हासिल की जा रही है | यहीं वजह है कि हमारे देश का साइबर सुरक्षा कवच इन अपराधों से हमारी रक्षा भी नही कर पाता और पुलिस तो खैर इन अपराधों की तह तक शायद ही कभी पहुँच पाती हो | अदालत में भी साइबर अपराध से जुड़े मामले जबतक समझे जाते हैं तब तक न तो अपराध के साक्ष्य बच पाते हैं और न अपराधी ही जीवित रहता है | बल्कि मीडिया में साइबर अपराधों को ऐसे प्रकाशित किया जाता है जैसे किसी ज़माने में नटवरलाल की जालसाजी की सच्ची कहानियां पाठकों के मनोरंजन के लिए पेश की जाती थी | दरअसल हमारे देश में अभी तक साइबर अपराध को अपराध नही, बल्कि विज्ञान का विकास माना जाता है | लेकिन पिछले कुछ वर्षों में जब साइबर अपराधियो ने सरकार और सरकारी बैंकों को करोड़ो की चपत लगा दी, उसके बाद से साइबर अपराधों के मामले में जागरूकता दिखाई देने लगी है |
         सरकार ने साइबर अपराधों को रोकने के सिलसिले में सन 2000 में आईटी एक्ट बनाया, 2008 तक इसमें संशोधन ही किये जाते रहे | जब यह कानून सार्वजनिक किया गया और इस कानून का डर पैदा करने का वक़्त आया तब तक साइबर अपराधी अपने साइबर अपराधों को जन्म देने के तौर - तरीके संशोधित कर चुके थे | आज आईटी एक्ट अपनी जगह है और साइबर अपराधी अपनी जगह | दोनों एक दूसरे का सुरक्षा कवच कभी नही तोड़ते | भारत के बरक्स चीन के साइबर अपराधी अपने काम में ज़्यादा कुशल हैं | यह 24 घंटे दुनिया के मज़बूत से मज़बूत कम्प्युटर नेटवर्क को नुकसान पहुँचाने के तरीके खोजते रहते हैं | पिछले दिनों चीनी हैकरों ने भारतीय राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के दफ़्तर में रखे कम्प्यूटरों को हैक करने की कोशिश की | दुनिया में सबसे ज़्यादा यूरोप और अमेरिका साइबर अपराधियों से परेशान हैं | लेकिन विदेशों में साइबर अपराध जन-जागरूकता के कारण जल्दी नही हो पाते |
           सरकार ने साइबर अपराधों से निपटने के सिलसिले में बनाये गए आईटी एक्ट में आपत्तिजनक कार्यों में लगी वेबसाइट को ब्लॉक करने का प्रावधान बनाया है | लेकिन आईटी एक्ट सच मानिये तो अभी तक देश में लागू ही नही हो पाया है | वहीँ कम्प्युटर की दुनिया बड़ी रहस्यमय है | इंटरनेट ने इन रहस्यों को और भी बढ़ा दिया है | साइबर अपराध के समय इंटरनेट को सिग्नल्स किस सरवर से मिले, इसे जानना आसान नही है | और फिर यह तो और भी मुश्किल है कि कोई देश किसी दूसरे देश के सरवर से संचालित हो रही वेबसाइट को ब्लॉक कर दे | हर देश का आईटी एक्ट अलग होता है | किसी आपत्तिजनक या संदेहास्पद वेबसाइट को ब्लॉक करने से उस देश की सरकार ही मना कर सकती  है |
          विदेशों में सरकारें किसी वेबसाइट को ब्लॉक करने से ज़्यादा बेहतर उसे सुधारने में विश्वास करती है, जबकि भारत में वेबसाइट को ही बंद करने की मांग शुरू हो जाती है | भारतीय आईटी एक्ट में यह प्रावधान है कि किसी वेबसाइट को तब तक बंद नही किया जा सकता जबतक की उसपर डाली जा रही सामग्री या सूचनाएं राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा न हो | किसी वेबसाइट को बंद कर देने से समस्या का समाधान नही हो जाता | वेबसाइट बहुत बार समस्या का प्रचार करती है, खुद समस्या नही होती | इसलिए समस्याओं का निदान कई बार सामाजिक परिवर्तन से जुड़ा होता है | लेकिन मामला अगर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है तो विधि मंत्रालय भी मानता है कि कोई भी वेबसाइट हो, उसे ब्लॉक कर देना ही उचित है | वहीँ किसी वेबसाइट पर सरकार की मनमानी नही चलनी चाहिए |
          सामाजिक सुरक्षा को लेकर चिंता करने वाले समाज सेवियों का यह आरोप है कि इंटरनेट पर मौजूद पोर्नोग्राफी और अश्लीलता के चलते तेज़ी से नैतिक पतन हो रहा है | सिनेमा और टीवी पर भी जो सामग्री है उसका अधिकतर हिस्सा अश्लीलता के दायरे में ही आता है | संशोधित आईटी एक्ट में इन माध्यमों पर मौजूद अश्लीलता को रोकने के लिए समुचित प्रावधान है और यह भी माना जाता है कि इस तरह का साइबर क्राइम सौ फ़ीसदी रोका भी नही जा सकता | साइबर अपराधों से जुड़े कानून इतने लचीले हैं कि इन्हें रोकने के सिलसिले में कोई क़दम उठाया भी जाता है तो विवाद अदालत में पहुँच कर विचाराधीन हो जाता है |
      अदालत के पास पहले से ही इतने मुक़दमे लदे हैं कि किसी को विचार-विमर्श की फ़ुर्सत नही है | संशोधित आईटी एक्ट में यह गुंजाईश बनायी गई है कि यदि प्रावधानों को सावधानी से लागू किया जाये तो अश्लीलता रुक सकती है | कानून का पालन करवाने वाली एजेंसियों का कहना है कि अभी तक यही तय नही हो पाया है कि अश्लीलता कहा किसे जाये | वेबसाइट पर मौजूद अश्लीलता के लिए प्रोवाइडर को सीधे दोषी नही माना जा सकता | और किसी वेबसाइट को ब्लॉक कर देने से भी समस्या का हल नही निकलेगा | अदालत ख़ुद मानती है कि साइबर अपराध से निपटना आसान नही है | कानून अभी इतने सक्षम नही है और तकनीकि जानकारी का काफ़ी अभाव है | 500 साइबर अपराधों में से केवल 50 घटनाएँ ही सामने आ पाती है और पुलिस इनमे से आधे की भी छान-बीन मुक़म्मल नही कर पाती |
           साइबर अपराध मुख्य रूप से तीन तरह के होते हैं | व्यक्ति, संपत्ति और सरकार के विरुद्ध अपराध को साइबर अपराध माना गया है | साइबर लॉ से जुडी बहुत से वेबसाईट है जिसपर साइबर कानूनों, साइबर सूचनाओं, अश्लीलता से जुड़े कानूनों, साइबर फोरेंसिक, साइबर धोखाधड़ी, पोर्नोग्राफी, आदि से जुड़े कानूनों की जानकारी मिल सकती है | साइबर कानून, साइबर आतंकवाद, बौद्धिक सम्पदा अधिकारों का उल्लंघन, हिंसा, क्रेडिट कार्ड धोखाधड़ी पर भी नज़र रखते हैं |
            साइबर अपराधियों के चंगुल में आने से बचने के लिए इंटरनेट पर सावधानी ही सबसे बड़ी सुरक्षा है | अनजाने ई-मेल के साथ आये अटेचमेंट के रूप में सबसे ज़्यादा वायरस आने का ख़तरा रहता है | संदिग्घ मेल के अटेच्मेंट्स  को बिना जाचें-परखे डाऊनलोड न करें | इंटरनेट पर किसी को भी अपना पूरा नाम, सही पता, फोन नंबर और बैंक खाते से सम्बंधित सूचनायें नए और अंजान दोस्तों से शेयर न करें | यदि कोई साईट किसी उपभोक्ता से रेजिस्ट्रेशन के बहाने कोई सुचना या ई-मेल का पासवर्ड मांगती है तो वह उसे कदापि न दें | उपभोक्ताओं के ई-मेल डाटा विज्ञापनदाता कंपनियों को बेचने का धंधा बहुत तेज़ी से चल रहा है | ऑन-लाइन शॉपिंग करें लेकिन सावधान रहें | साइबर कैफ़े में काम के बाद अपनी इंटरनेट फ़ाइलें वहाँ से ज़रूर हटा दें | इंटरनेट पर दोस्ती ज़रूर करें लेकिन किसी लुभावने प्रस्ताव की तरफ आकर्षित न हों |
           साइबर अपराधों से लगभग पूरी दुनिया परेशान है और इसके बचाव के तरीके भी खोजे जा रहे हैं | लेकिन जबतक कानून और तकनीक समाज में कोई मुक़म्मल व्यवस्था नही बना देते तब तक चौकन्ने रहना ही ज़रूरी है |
**अजामिल
@आलेख के लिए कृपया लेखक को क्रेडिट अवश्य दें। आभार।                                                                                                            

No comments:

Post a Comment