Friday, November 23, 2012

माईक्रोसॉफ्ट विंडोज 8


एक सिस्टम खूबियों से भरा

-अजामिल

   कई तरह के प्रयोंगों से गुज़रकर और बाज़ार में बढ़ती मांग के मद्देनज़र एक सोची समझी रणनीति के तहत अन्तराष्ट्रीय ख्याति की कम्पनी माईक्रोसॉफ्ट ने अपना नया उत्पाद विंडोज 8 ऑपरेटिंग सिस्टम लॉन्च करके यह साबित कर दिया कि इस क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ चलनेवाली कंपनियों में सबसे आगे है | यह अलग बात है कि विन्डोज़ 8 ऑपरेटिंग सिस्टम की यह लौन्चिंग भी अभी तक प्रयोग के तौर पर ही है |
 गौरतलब है कि माईक्रोसॉफ्ट ने विन्डोज़ 8 का डेवलपर प्रीव्यू काफी पहले ही जांचने परखने के लिए बाज़ार में उतार दिया था | विंडोज 8 ऑपरेटिंग सिस्टम एक ऐसा उत्पाद है जिसे लेकर लौन्चिंग से पहले ही उसे जानने और परखने वालो की उत्सुकता का ग्राफ काफी ऊँचा पहुँच गया था | शायद यही वजह है कि आज यह उत्पाद लोकप्रियता के शिखर पर है | इसके पहले माईक्रोसॉफ्ट के किसी उत्पाद को लेकर उपभोक्ताओं में इतनी जिज्ञासा नहीं देखी गयी | जिन लोगों ने इसके डेवलपर प्रीव्यू का इस्तेमाल किया है उन्होंने इसकी काफी सराहना की है | विंडोज 8 ऑपरेटिंग सिस्टम को लेकर उपभोक्ताओ की दीवानगी आज सर चढ़ कर बोल रही है | दरअसल माईक्रोसॉफ्ट ने विंडोज 8 के डेवलपर प्रीव्यू को विंडोज 7 अपग्रेडेशन के रूप में पेश किया था इस प्रीव्यू में तमाम ऐप्लिकेशन टेस्टिंग के लिए दी गयी थी लेकिन उनमे भी काफी ऐसी थी जिनके होने की बात तो कम्पनी ने कही थी लेकिन वे ओपेन नहीं होती थी |
 माईक्रोसॉफ्ट ने इस मुश्किल को एक लंबे रिसर्च के बाद दूर कर दिया है और इसका जो औपचारिक संस्करण लॉन्च किया है उसमे तमाम नयी ऐप्लिकेशन भी जोड़ दी हैं | आज विंडोज 8 ऑपरेटिंग सिस्टम की सीधी टक्कर एंड्रोइड से है | एंड्रोइड की पकड़ कम्पूटर और लैपटॉप के ऑपरेटिंग सिस्टम पर अभी नहीं है लेकिन एंड्रोइड के टैबलेट बाज़ार में इसने 90 प्रतिशत से ज़्यादा की हिस्सेदारी बना ली है | एंड्रोइड टैबलेट की डिमांड बढ़ गई है | माईक्रोसॉफ्ट के लिए बाज़ार की प्रतिस्पर्धा को देखते हुए यह चिंता का विषय है | विंडोज 8 की सिस्टम पर आधारित टैबलेट पीसी बाज़ार में उतारने के पीछे एंड्रोइड टैबलेट के साथ पैदा हो गयी प्रतिस्पर्धा को जवाब देना भी माईक्रोसॉफ्ट की आवयश्कता बन गयी है |
              विंडोज 8 सिस्टम में माईक्रोसॉफ्ट कम्पनी ने कई खूबियां जोड़ी हैं | इसमें खूबसूरत रंगों का इस्तेमाल किया गया है कि पूरा स्क्रीन संतुलन और संयोजन के साथ सबका ध्यान अपनी ओर खीचता है | विंडोज 8 सिस्टम स्टार्ट होते ही अनेक एप्लीकेशन टाईल वाली स्टार्ट स्क्रीन सामने आ जाती है | कुछ इस अंदाज में जो पहले कभी नहीं था | माईक्रोसॉफ्ट ने विंडोज 8 सिस्टम को बनाने में पूरी सावधानी बरती है | अपने पूर्व के सिस्टम्स की तकनीक को उसने कम से कम दोहराया है | केवल उन्ही चीज़ों को चुना है जो आधारभूत ज़रूरतें होती हैं विंडोज 7 सिस्टम की जो कमजोरियां थी उन्हें कम्पनी ने फ़िल्टर करके दूर कर दिया है |
               कम्पनी का दावा है कि विंडोज 8 मामूली ऑपरेटिंग सिस्टम नहीं है यह एक लंबे रिसर्च के बाद हांसिल की गयी ऐसी तकनीक है जो आने वाले समय में पीसी या लैपटॉप पर काम करना बेहद आसान बनाएगी और इसे एंड्रोइड टैबलेट की खूबियों से जोड़ने में भी आसानी रहेगी | माईक्रोसॉफ्ट का विंडोज 8 सिस्टम अपनी खूबियों के चलते टच स्क्रीन का समर्थन करता है | की-बोर्ड के बिना भी इसका उपभोक्ता इस्तेमाल कर सकते हैं | यह ज़रूरी भी था .एक सर्वेक्षण के आधार पर यह बात सामने आई है कि मोबाईल फोन हो या कोई भी कम्पूटर सिस्टम, लैपटॉप अथवा कोई भी इलेक्ट्रोनिक डिवाईस आज क्यों न हो लोग उसका संचालन टच करके ही करना चाहते हैं |
           माईक्रोसॉफ्ट विंडोज 8 सिस्टम को इस तरह डेवलप किया गया है कि टच स्क्रीन उस पर बहुत बेहतर काम करता है | आज के ज़माने की ज़रूरत को पूरा करने में माईक्रोसॉफ्ट ने काफी मेहनत की है | टच स्क्रीन सुविधा इस सिस्टम में एक ऐसी सुविधा है जिसे माईक्रोसॉफ्ट खुद भी अभी तक अपने किसी ऑपरेटिंग सिस्टम में उपलब्ध नहीं कराया था | इस सिस्टम में छोटे बड़े बहुत सारे ऐसे एप्लीकेशन शामिल किये गए हैं जो पहले के किसी भी ऑपरेटिंग सिस्टम में नहीं थे | सबसे बड़ी बात ये है कि विंडोज 8 स्टार्ट करते ही पलभर में खुल जाता है और बंद होने में भी ज़्यादा समय नहीं लेता | यह यूएसबी 30 समर्थित है जिसके कारण इस सिस्टम से डेटा तेज गति से स्थानांतरित किये जा सकते हैं |
 माईक्रोसॉफ्ट ने विंडोज 8 सिस्टम को इस तरह से डेवलप किया है कि यह काम के दौरान बड़े स बड़ा झटका सह जाए और गलतियां होने पर काम की गति को कम न करे | सुरक्षा के लिहाज़ से विंडोज 8 माईक्रोसॉफ्ट के ही पिछले कई विंडोज सिस्टम से ज़्यादा सुरक्षित है | इसमें वायरस और मालवेयर के खतरे को बहुत कम कर दिया है | इसमें पैरेंटल लौक सुविधा भी मौजूद हैं | जिसके कारण आवांछित सॉफ्टवेयर और एप्लीकेशन पर कभी भी प्रतिबंद्ध लगाया जा सकता है | उपभोक्ता माईक्रोसॉफ्ट द्वारा उपलब्द्ध कराइ जाने वाली सुविधाओं और माईक्रोसॉफ्ट अकाउंट से सीधे जुड सकते हैं | विंडोज 8 सिस्टम में उपभोक्ता को यह सुविधा दी गयी है कि वह इन्टरनेट एक्सप्लोरर के लेटेस्ट संस्करण का इस्तेमाल कर सके | इंटरनेट एक्सप्लोरर की स्पीड भी पहले की तुलना में काफी तेज रखी गयी है | अन्य इंटरनेट ब्राउज़र की बात करे तो माईक्रोसॉफ्ट का इंटरनेट ब्राउज़र कभी उतना पसंद नहीं किया गया जितना की मोज़िला फायरफौक्स अथवा गूगल क्रोम लोकप्रिय रहा लेकिन विंडोज 8 सिस्टम में मोबाईल के सिमकार्ड से इंटरनेट चलाना ज़्यादा आसान है | विंडोज 8 मोबाईल सिमकार्ड के इंटरनेट संस्करण को बिना किसी आपत्ति के सपोर्ट करता है | इसकी खूबी ये है कि यह आसानी से इंटरनेट की सारी सेटिंग्स खुद ही प्राप्त कर लेता है | इसके पहले तक इंटरनेट सेटिंग्स को मंगाने में काफी मुश्किलें पैदा होती थी यह एक तरह का झंझट भरा काम था अब इस झंझट से बचाने और इस समस्या के निवारण की ज़िम्मेदारी विंडोज 8 ने ले ली है |
          गौरतलब है कि कम्पूटर तथा लैपटॉप के ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ माईक्रोसॉफ्ट ने अपने मोबईल और टैबलेट भी बाज़ार में उतारे हैं | मोबईल और टैबलेट के बारे में बढ़ती प्रतिस्पर्धा में माईक्रोसॉफ्ट काफी पीछे खिसक गया था | मोबाईल और टैबलेट की नए संसकरणों में विंडोज 8 की खूबियों को शामील कर दिया है | हालांकि विंडोज आधारित मोबाईल फोन का बाज़ार बनाने में माईक्रोसॉफ्ट को ज़्यादा सफलता नहीं मिल पाई है | स्मार्ट फोन के बाज़ार में माईक्रोसॉफ्ट के मोबाईल फोन्स की डिमांड कम है | गूगल के ऑपरेटिंग सिस्टम को ज़्यादा लोकप्रियता मिली है | हालांकि मोबाईल के लिए माईक्रोसॉफ्ट ने मैंगो नाम के एक और विंडोज़ ऑपरेटिंग सिस्टम को लॉन्च किया है जो काफी पसंद किया जा रहा है | इधर माईक्रोसॉफ्ट कॉर्पोरेशन का बहुप्रतीक्षित सरफेस टैबलेट बाज़ार में आ गया है | यह पूरी तरह विंडोज 8 समर्थित है | सरफेस टैबलेट देखने में आकर्षक और स्लिम है दो जीबी रैम वाले इस टैबलेट की कीमत भारत में लगभग 38,000 रूपए है | माईक्रोसॉफ्ट कम्पनी इस टैबलेट की पूरे विश्व में जैसी मांग है उसकी आपूर्ति नहीं कर पा रही है | लाखों की संख्या में उपभोक्ता अभी इस टैबलेट को पाने वालों की प्रतीक्षा सूची में हैं |
          माईक्रोसॉफ्ट कॉर्पोरेशन ने ऑपरेटिंग सिस्टम के क्षेत्र में आई सभी चुनौतियों का न सिर्फ सामना किया बल्कि इसकी सभी समस्याओं का निवारण करते हुए हमेशा एक ऐसा उत्पाद सामने लाए जिसका दबदबा कायम रहा हालांकि माईक्रोसॉफ्ट के ऑपरेटिंग सिस्टम को कुछ और कम्पनियों की ओर से टक्कर मिलती रही | इस क्रम में एप्पल का ऑपरेटिंग सिस्टम काफी सफल रहा गूगल के एंड्रोइड ने भी विश्व स्तर पर तहलका मचाये रखा लेकिन माईक्रोसॉफ्ट ने अपने आपको एंड्रोइड मोबाईल टैबलेट और पीसी तक ही सीमीत रखा |
 विशेषज्ञों का मानना है कि किसी बड़े सॉफ्टवेयर का प्रयोग एंड्रोइड के साथ नहीं किया जा सकता | इस क्षेत्र में रिसर्च चल रही है और कम्पनियां माईक्रोसॉफ्ट को चुनौती देने की तैयारियां कर रही हैं | स्मार्ट फोन के क्षेत्र में विंडोज ऑपरेटिंग सिस्टम की अभी कोई खास पूछ नहीं है | पूरे विश्व में स्मार्ट फोन पर माईक्रोसॉफ्ट की हिस्सेदारी 2 प्रतिशत से भी कम है | इससे ही अंदाज लगता है कि माईक्रोसॉफ्ट कॉर्पोरेशन अभी स्मार्टफोन के बाजार का आकलन कर रहा है | विंडोज 8 सिस्टम के साथ माईक्रोसॉफ्ट का इरादा कम्पूटर और लैपटॉप के ऑपरेटिंग सिस्टम के क्षेत्र में छाय रहने का है |
 विंडोज 8 सिस्टम में एप्लीकेशंस की संख्या बहुत ज़्यादा सीमित है जबकि एंड्रोइड का एप्लीकेशन के बाज़ार एकछत्र राज है उसके गूगल प्ले में लाखों एप्लिकेशन निर्माता एंड्रोइड के लिए आज भी एप्लीकेशंस बना रहे हैं | माईक्रोसॉफ्ट ने विंडोज 8 में कई एप्लीकेशन की खूबियां शामिल की हैं लेकिन एंड्रोइड के बाज़ार को देखते हुए अभी उसे बहुत कुछ करना होगा |
          आज यदि कोई उपभोक्ता अपने कंप्यूटर अथवा लैपटॉप पर 32 बिट के विंडोज 8 को इंस्टाल करना चाहे तो उसे कम से कम एक जीबी रैम, एक गीगाहर्ट्ज़ का प्रोसेसर और 16 जीबी की हार्ड ड्राईव मेमोरी की आवयश्कता पड़ेगी, वहीँ 64 बिट के इंस्टालेशन के लिए कम से कम 2 जीबी रैम, 2 गीगा हर्ट्ज़ के प्रोसेसर के साथ 20 जीबी की मेमोरी का होना ज़रूरी होगा | एप्लीकेशन के सही तरीके से काम करने के लिए कम्पूटर का रेजोल्यूशन 1024*768 पिक्सल होना चाहिए |
          विंडोज 8 की ओर उपभोक्ताओं का ध्यान खीचने के लिए माईक्रोसॉफ्ट ने कई योजनाएं पेश की हैं | 31 जनवरी 2013 तक जो इस सिस्टम को खरीदेगा वह इसे केवल 1999 रुपर में डाऊनलोड कर सकता है इसके बाद विंडोज 8 सिस्टम 11,000 रूपए में उपलब्द्ध होगा | विंडोज 8 की डीवीडी 3499 रूपए में मिलेगी | कहना न होगा कि लोग माईक्रोसॉफ्ट कम्पनी की साख का सम्मान करते हुए विंडोज 8 को खरीदने के लिए पैसा खर्च कर रहे हैं और इसमें दोहराय नहीं है कि इस शानदार ऑपरेटिंग सिस्टम के लिए कम्पनी ने जो दावे किये हैं कम्पनी उसको सत्प्रतिशत पूरा कर रही है |
 विंडोज 8 किसी भी अच्छे पीसी अथवा टैबलेट का मज़बूत दिल जैसा है जिसमे कुछ कर गुजरने का हौसला है जो धडकता है तो पूरे हार्डवेयर को नई जिंदगी देता है | विंडोज 8 का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ता इसीलिए तो कहते हैं कि क्वालिटी की बात मत कीजिये, माईक्रोसॉफ्ट का नाम ही काफी है | विंडोज 8 यानी एक ऐसा सिस्टम जो सुकून के साथ-साथ उपभोक्ता को अच्छे काम के तसल्ली भी देता है |

No comments:

Post a Comment