Tuesday, December 2, 2025

चाइना मोबाइल : कंपनियों की बादशाहत खत्म


           

                    आज के बदलते परिदृश्य में अगर हम भारतीय मोबाइल फोन्स के बाज़ार पर नज़र डाले तो पता चलता है कि पूरे बाज़ार की लगभग 80 प्रतिशत मोबाइल फोन्स की मांग की पूर्ती चाइना मोबाइल के ज़रिये हो रही है | 20 प्रतिशत उपभोक्ता ऐसे हैं जो ब्रांडेड कंपनियों के मोबाइल फोन की खरीददारी करते है और उनकी गुणवत्ता पर अपना भरोसा जताते हैं | आज तमाम ऐसी ब्रांडेड कम्पनियां हैं जो मोबाइल फोन्स के बाज़ार में अपनी खासी विश्वसनीयता बनाये हुए हैं | इन कंपनियों का मोबाइल फोन्स की बिक्री के सन्दर्भ में सिर्फ नाम ही काफ़ी है | इसके बरक्स चाइना मोबाइल की कम से कम 2000 वेराइटी बाज़ार में मौजूद है लेकिन इनके बीच गुणवत्ता को लेकर कोई प्रतिस्पर्धा नही है | ऐसा लगता है जैसे जितनी चाइना मोबाइल उतनी ही कम्पनियाँ बाज़ार में अपना उत्पाद बेच रही हों | बेशक चाइना मोबाइल ब्रांडेड कंपनियों के मोबाइल्स की कीमतों से आधे से भी कम कीमत के हैं | लेकिन इनकी गुणवत्ता की कोई गारंटी नही है | लेकिन ये ज़रूर है की ये चाइना मोबाइल उन उपभोक्ताओं के सपनों को ज़रूर पूरा कर रहें हैं जो ब्रांडेड कंपनियों के मोबाइल खरीदने में सक्षम नही है |

             लगभग 5 साल पहले के मोबाइल फोन्स के बाज़ार पर नज़र डाले तो पता चलता है कि किसी समय में नोकिया कंपनी के मोबाइल उपभोक्ताओं की पहली पसंद हुआ करते थे | नोकिया के फोन इस्तेमाल करने वाले को बड़ा आदमी माना जाता था | और बात भी सही थी | पैसे वाले लोग ही नोकिया के मोबाइल फोन इस्तेमाल किया करते थे | उसी समय में नोकिया को मोबाइल फोन्स बनाने वाली एक और कंपनी मोटोरोला कीमत, गुणवत्ता और डीड डिज़ाइन के मामले में टक्कर दे रही थी | मोटोरोला की तकनीक में भी ऐसे प्रयोग किये गए थे जो उसके हर मॉडल को लंबा जीवन देते थे | दरअसल मोटोरोला का बाज़ार दुनिया भर में मजबूती के साथ खड़ा हो रहा था | वहीँ नोकिया भी मोटोरोला के साथ बाज़ार की प्रतिस्पर्धा में नंबर एक पर पहुँचने की कोशिश कर रही थी | इसी बाज़ार में रिसर्च इन मोशन कंपनी का ब्लैकबेरी फोन अपनी कीमत के कारण बिक्री में तो बहुत आगे नही था लेकिन गुणवत्ता में इसने नोकिया और मोटोरोला दोनों को पछाड़ दिया था | ब्लैकबेरी कॉर्पोरेट जगत में प्रतिष्ठा का प्रतीक माना जाता था | हैसियत वाले लोग ही इसे अपने पास रखते थे |
            आज 5 साल पहले का वह परिदृश्य बिल्कुल बदल गया है | मोटोरोला को इंटरनेट कंपनी गूगल ने दो साल पहले खरीद लिया था | मोबाइल फोन्स के भारतीय बाज़ार में पिछले पांच सालों में जैसी उथल-पुथल रही और उपभोक्ताओं की रुचियों और ज़रूरतों में अंतर आया, उसने सभी मोबाइल फोन्स की बड़ी ब्रांडेड कंपनियों के सामने अनेक तरह के संकट पैदा कर दिए | ब्लैकबेरी इस संकट के बीच बाज़ार में अपना ग्राहक ही खोजता रह गया, वहीँ नोकिया ने खुद को संभालने की बहुत कोशिश की लेकिन धीरे-धीरे उसकी भी पकड़ मोबाइल फोन्स बाज़ार से छूटने लगी | पिछले दिनों माइक्रोसॉफ्ट ने नोकिया को खरीद लिया | लेकिन माइक्रोसॉफ्ट ने भी उसे जिंदा रखने की कोशिश नही की | नोकिया मुसीबत में ही रही | ज़ाहिर है कि यह परिवर्तन और यह झटके नोकिया को विश्वव्यापी मंदी के कारण नही लगे | बाज़ार के जानकारों का कहना है कि भारतीय बाज़ार में मंदी के प्रभाव को ठेंगा दिखाकर अगर कोई चीज़ डंके की चोट पर बेची गई तो वह मोबाइल फोन ही है | यह कारोबार खूब फला-फूला | आंकड़े बताते है कि पिछले सात सालों में मोबाइल कारोबार के बढ़ने की रफ़्तार 8 फ़ीसदी से 13 फ़ीसदी तक रही |
            
       विकासशील देशों में मोबाइल फोन्स की मांग में बढ़ोत्तरी हुई | यूरोप में भी यही रुझान रहा, जहाँ बेरोज़गारी की दर बहुत तेज़ी से बढ़ी | मोबाइल फोन ने अपने बाज़ार के विस्तार के सारे रिकार्ड ही तोड़ दिए | आपको आश्चर्य होगा यह जानकर कि चीन में एक अरब से ज़्यादा लोग मोबाइल फोन्स का इस्तेमाल करते हैं और भारत में 87 करोड़ लोगों के पास मोबाइल फोन्स हैं और पूरी दुनिया में देखा जाये तो कुल आबादी का 87 फ़ीसदी मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रही है | भारत में करोड़ो लोग ऐसे हैं जो अपने मोबाइल में डुएल सिम का इस्तेमाल कर रहें हैं | वहीँ बहुत से लोग दो से तीन मोबाइल तक अपने पास इस्तेमाल में लिए हुए हैं | आंकड़े बताते हैं कि वयस्क तो वयस्क, बड़े-बूढ़ों और स्कूल जाने वाले किशोरों और युवाओं को भी मोबाइल फोन्स का धड़ल्ले से इस्तेमाल करने की आदत बन गई है | इस परिदृश्य को गौर से देखें तो लगता है कि यह बाज़ार धीरे-धीरे ठंडा हो रहा है | लेकिन यह सच नही है | उपभोक्ताओं की रूचि बदल रही है और स्मार्ट फोन की मांग बढ़ती जा रही है | अभी मोबाइल फोन्स बाज़ार में मांग और पूर्ती की संभावनाएं मरी नही है |
             इसके बाद भी यह आश्चर्यजनक है कि तमाम मोबाइल फोन्स बनाने वाली ब्रांडेड कम्पनियाँ बिक रहीं हैं या बाज़ार में उनकी मांग कम होती जा रही है | जानकारों का कहना है कि उपभोक्ता का रुझान बदलने पर परंपरा से चले आ रहे उत्पादों पर असर पड़ता ही है | मोबाइल फोन्स के उपभोक्ताओं की ज़रूरतों में परिवर्तन हुए हैं | आज उपभोक्ता एक ही फोन में बहुत सी सेवाएँ और एप्लीकेशन्स चाहता है | फोन अब सिर्फ फोन नही रहा हैं, वह स्मार्ट हो गया है | आप कह सकते हैं कि एक संपुर्ण संचार माध्यम | मोबाइल फोन के ज़रिये आज पूरी दुनिया सचमुच उपभोक्ता की मुठ्ठी में आ गई है | मोबाइल फोन में इंटरनेट को समाहित कर दिया गया है जिसके कारण और भी बहुत से काम इसके ज़रिये होने लगे हैं | मोबाइल फोन्स में तमाम एप्लीकेशन्स मौजूद हैं जो उपभोक्ता को सहयोग करने के लिए तैयार रहते हैं | मोबाइल फोन्स में यह बदलती तकनीक धीरे-धीरे सस्ती भी होती जा रही हैं | कंपनियों पर यह दबाव है कि वे ऐसे नए मोबाइल फोन्स बाज़ार में लौंच करें जिनमे सभी सुविधायें मौजूद हों | जो कम्पनियाँ इस प्रतिस्पर्धा में चूक जाती हैं उपभोक्ता उन्हें छोड़ देता हैं | एरिक्सन के मोबाइल फोन्स मांग और पूर्ती में बाज़ार में नही ठहर सकीं |
           एक और बड़ी समस्या है, उपभोक्ताओं के बीच जो बड़ी कम्पनियाँ लोकप्रिय रहीं और उनके मोबाइल फोन्स तेज़ी से बिकते रहे, उन्होंने भी मांग के अनुसार पूर्ती करने में संकोच किया | ऐसी कम्पनियाँ कोई तकनिकी परिवर्तन न करने के कारण पिछड़ गई और बाहर हो गई | ऐसी कंपनियों की सफलता ही इन कंपनियों की असफलता बन गई | नोकिया और ब्लैकबेरी दोनों के साथ यही त्रासदी हुई | इन दोनों कंपनियों ने भी बदलने की कोशिश की लेकिन जब यह कोशिश शुरू हुई तबतक काफ़ी देर हो चुकी थी | मोबाइल फोन्स का बाज़ार इन कंपनियों की पकड़ से दूर जा चूका था | नोकिया का टाईटेनिक जब मोबाइल फोन्स बाज़ार के महासागर में डूबा तब उसकी केवल एक वजह थी कि उसने अपने को बदलने में देर कर दी | बाकी कंपनियां जब बाज़ार में रुझान को ध्यान में रखकर स्मार्ट फोन बना रहे थे उस समय नोकिया सिर्फ अपने मोबाइल फोन्स के माडलो के कैबेनेट्स बदल रहा था | ज़ाहिर है कि यह कोशिश नाकाफ़ी थी | आधे-अधूरे मन से नोकिया ने जब स्मार्ट फोन बनाना शुरू भी किया उस समय उसने माइक्रोसॉफ्ट के विन्डोज़ सॉफ्टवेयर को अपनाया जो कि मोबाइल की दुनिया में कोई हैसियत नही रखता था | विन्डोज़ के पास न तो एप्पल जैसी आईओएस जैसी तकनीक है और न एंड्रॉयड जैसा बड़ा आधार | नोकिया को खरीदना माइक्रोसॉफ्ट की मज़बूरी भी रही क्योंकि नोकिया ही एक ऐसी कंपनी है जो माइक्रोसॉफ्ट के सम्मान को बरक़रार रखे हुए थी |
           एक चिज़ और दिखाई दे रही है | मोटोरोला को गूगल ने ख़रीदा और नोकिया को माइक्रोसॉफ्ट ने | खरीदने वाली दोनों ही कम्पनियां अपनी ही तरह की सॉफ्टवेयर कम्पनियाँ हैं | एक समय था कि मोबाइल फोन्स हार्डवेयर बनाया करती थी | कम्प्युटर बनाने का काम भी यही हार्डवेयर कम्पनियाँ किया करती थी | बाद में यह काम सॉफ्टवेयर कंपनियों के पास चला गया | कहीं ऐसा तो नही कि इतिहास अपने को दोहरा रहा है ? मोटोरोला को खरीदने के बाद गूगल को कभी कोई फ़ायदा नही हुआ और नोकिया माइक्रोसॉफ्ट के लिए फायदे का सौदा होगी इसकी भी सम्भावना नही दिखाई दे रही है |
          नोकिया, मोटोरोला और ब्लैकबेरी के साथ जो कुछ हुआ वह यह साबित करता है कि कुछ मामलों में तो ब्रांडेड कंपनियों की शर्तें चल सकती हैं लेकिन उपभोक्ता जब अपनी मांग रखता है तब कंपनियों के लिए उत्पाद में परिवर्तन करना ज़रुरी ही नही बेहद ज़रुरी होता है | वहीँ यह भी बात साफ़ हो जाती है कि कोई भी ब्रांडेड कंपनी क्यों न हो उसे बाज़ार को ध्यान में रखकर परिवर्तन करते रहना चाहिए | यह भी सच है कि बड़ी कम्पनियां इस तरह के कारोबारी आंधी-तूफान से कभी घबराती नही | इन कंपनियों का आर्थिक आधार बहुत मजबूत होता है | कभी न कभी अवसर पाकर ये फिर बाज़ार में उतर जाती है क्योंकि बड़ी कंपनियों के पास उनका नाम और गुणवत्ता की साख होती है |
         लेकिन यह सवाल तो आज बना ही है कि लोकप्रियता के शिखर पर वर्षों राज करने वाला नोकिया क्या कारण रहे कि वह बाज़ार से बाहर हो गया ?
                                                      अजामिल

         

No comments:

Post a Comment