
पिछले वर्ष मनोरंजन से जुड़े टीवी चैनलों पर
रियलिटी शोज़ की धूम रही | समाचार चैनलों पर भी तमाम रियलिटी शोज़ की क्लिप्स को
समाचार बनाकर पेश किया गया | कुछ चैनलों ने तो तमाम विषयों पर जो डिबेट आयोजित
किये उनमे अधिकतर ऐसी सेलेब्रेटीज को शामिल किया जो रियलिटी शोज़ के खिलाडी रहे |
कार्यक्रमों की सफलता के शोर्टकट बने रियलिटी शोज़ में लोगों के व्यक्तिगत जीवन और
सेक्स से जुड़े सवालों को बड़ी बेबाकी से पूछा गया और मज़ा ये कि जवाब देने वालों ने
भी नंगे होने में कोई गुरेज़ नही किया | जिंदगी को जोखिम में डालकर ऐसे-ऐसे जवाब
दिए गए कि पूरा रियलिटी शो ही पूर्व नियोजित दिखाई देने लगा | सच पूछिए तो बिग-बॉस
जैसे रियलिटी शो ने तो लोगों की पर्सनल लाइफ में न सिर्फ ताक-झांक की बल्कि इनके
किरदार किसी के बेडरूम में भी जाने से नही हई हिचिकाए | रियलिटी के नाम पर अश्लीलता और उद्दंडता का
खेल तमाशा लगभग सभी टीवी चैनलों पर दिखाई दिया | और उससे भी बड़ी बात यह है कि
हमारे करोड़ो टीवी दर्शकों ने बिना किसी ऐतराज़ के सबकुछ मनोरंजन के नाम पर इसे
देखा और स्वीकार किया | रियलिटी शोज़ का जादू
टेलेंट-हंट कार्यक्रमों में भी सर चढ़कर बोला | देश भर से हजारों हज़ार प्रतिभाशाली
बच्चे और कलाकार अपनी विभिन्न कलाओं के सर्वोत्तम प्रदर्शन के साथ अव्वल साबित
करने की होड़ में शामिल हुए | टीवी चैनालों की सुनियोजित चालों की गिरफ्त में आकर
इन कलाकारों ने करोड़ों रुपये टीवी चैनलों को दिए | कुछ लोग सम्मानित और पुरस्कृत
भी हुए |
दरअसल रियलिटी शो टीवी चैनलों का सुनियोजित धंधा
है | इन कार्यक्रमों को डिज़ाइन ही ऐसे किया जाता है कि इसका हर मिनट एक ईमानदार
कोशिश की तरह दिखाई पड़े और लगे कि यह रियलिटी शोज़ देश के हित में बहुत बड़ा काम कर
रहे हैं | और यही सब करते हुए एक दिन ये दुनिया को बदल देंगे | जबकि रियलिटी शो एक
ऐसा सिक्का है जिसका एक हिस्सा चमकता है तो दूसरा बेहद काला है | चमकदार सिक्के की
चमक के आगे इसका दूसरा हिस्सा हमें नही दिखाई देता | सच तो यह है कि हमारे
टेलीविजन पर कुछ भी ओरिजिनल नही है | टीवी चैनल जो कुछ भी पेश कर रहें हैं ,वह सब
विदेशी टेलीविजन कार्यक्रमों की फूहड़ नकल है | 60 फ़ीसदी तो हमारे टीवी चैनलों
पर फ़िल्मी दुनिया का कचरा है जो दर्शकों को इतनी बार दिखाया जाता है कि ऊब हो जाती
है | दरअसल भारतीय टीवी चैनल इण्डस्ट्री सफलता पाने के लिए शोर्टकट रस्ते तलाशती रहती
है | कम पैसे में यह रियलिटी शोज़ बकायदा सुनियोजित षड्यंत्र की तरह आयोजित किये
जाते हैं | इन षड्यंत्रों के अंतर्गत डांस, कोमेडी और अलग-अलग टैलेंट के लिए कई
रियलिटी शोज़ चलते रहते हैं | लाखों बच्चे और अन्य प्रतिभाशाली लोग बकायदा
मोटी-मोटी फ़ीस देकर रियलिटी शो में केवल अपनी इंट्री के लिए पूरा दम-ख़म लगा देते
हैं | ओडीशन में लाखों बच्चों में से सौ बच्चे ही रियलिटी शो के कलरफुल स्टेज तक
पहूँच पाते हैं | चैनल इनकी प्रतिभा को कैश करता है | पूरी चालाकी के साथ इन सौ
बच्चों में से भी सर्वोत्तम की तलाश की जाती है | आश्चर्य तब होता है जब सर्वोत्तम
की तलाश करने वाले एक्सपर्ट्स सर्वोत्तम प्रतिभा को सचमुच एक दिन बाहर का रास्ता
दिखा देते हैं | और उस एनआरआई प्रतिभा को गले लगाते हैं जो लाखों रुपये टीवी चैनल
को देकर शामिल हुआ है |
सच तो यह है कि रियलिटी शो टीवी चैनलों की एक
सोची समझी रणनीति है जिसमे खर्च से कई सौ गुना ज़्यादा कमाई होती है | इसकी मांग इतनी
ज़्यादा है कि हर कोई इसमें शामिल होना चाहता है किसी भी रूप में | और जो ओडीशन
क्वालीफाई नही कर पाते या कुछ दूर तक जाने के बाद उन्हें रियलिटी शो से बाहर कर
दिया जाता है, उनका रोना-धोना भी टीवी चैनल बकायदा बेच लेता है | रियलिटी शो में
उनका भी मज़ाक बनाया जाता है जो प्रतिभाशाली होने या न होने के कारण नहीं चुने गए |
रियलिटी शो प्रतिभाओं की कमज़ोरी और प्रतिभा दोनों बेचता है | रियलिटी शोज़ में
फिनाले तक पहुँचते-पहुँचते दो या तीन प्रतिभाएं बचती हैं | टाईट पोज़िशन में
निर्णायक अपना फैसला सुनाते हैं | इसके बाद जीत की खुशी और हारने का दुःख दोनों
रियलिटी शोज़ में एक साथ बिकता है | यही व्यापार है और इसी को रियलिटी शो कहते हैं
|
रियलिटी शोज़ ने हमारे देश के युवाओं को
स्वप्नजीवी बना दिया है | मेहनत करके अपने रास्ते बनाने की जगह वो रातोंरात
करोड़पति बनने का सपना देख रहें हैं | यह सोच खतरनाक है | रियलिटी शोज़ के बारे में
एक और आश्चर्यजनक सच है | यह शो किसी भी प्रतिभाशाली को कोई आर्थिक मदद नही करता
बल्कि प्रतिभाओं से अधिक से अधिक पैसा वसूलने के चक्कर में रहता है | टैलेंट शो के
सामाजिक सरोकार गहरे होते है इसलिए इसके प्रसारणों की टीआरपी भी काफ़ी ज़्यादा होती
है और यह लगातार बढती रहे इसकी कोशिश में भद्दे डांस ,दो अर्थीय संवाद, भौड़ा सेक्स सबकुछ बेझिझक परोसा जाता है |
किसी प्रतिभा के परफेक्ट न होने पर उसकी हंसी उड़ाई जाती है | लड़कियों और औरतों पर
भद्दी टिप्पणया की जाती है और यह माना जाता है कि यही चीजें जिंदगी की रियलिटी है
| kरियलिटी शोज़
हमें सिखातें है कि किसी की परवाह किये बिना हमें आगे निकलना है | प्रतियोगिता में
सभी कुछ जायज़ है | क्योंकि रियलिटी शोज़ खुद तमाम दूसरे रियलिटी शोज़ के साथ
प्रतियोगिता करता है |
भारतीय टीवी चैनलों पर दिखाई जाने वाले रियलिटी
शोज़ का प्रेरणाश्रोत क्या है, जब हम इस पर गौर करतें हैं तो पता चलता है कि यह
सारा तमाशा विदेशी रियलिटी शोज़ से प्रभावित है | विदेशी रियलिटी शोज़ में अश्लीलता
की कोई सीमा नही है | इन पर वो सब दिखाया जाता है जो बिकता है | एक विदेशी रियलिटी
शो में एक माँ को बच्चे को जन्म देते हुए दिखाया गया | पूरे परिवार ने उस दृश्य को
देखा | इस रियलिटी शो को प्रसारण के दिन आठ करोड़ दर्शक अपने टीवी सेट पर देख रहे
थे | एक और विदेशी रियलिटी शो बिग-ब्रदर में बलात्कार के दृश्य को लाइव दिखाया गया
| इसमें ब्राज़ील के मशहूर अभिनेता और अभिनेत्री ने इस लाइव प्रसारण को पेश किया | पोर्न
स्टार सनी लियोन अक्सर विदेशी टेलीविजन पर वो सब कुछ करती हैं जो वर्जित है |
लेकिन लियोन लेट-नाईट-शो का आकर्षण हैं | गनीमत यही है कि अभी भारतीय रियलिटी शोज़
इस सीमा तक नही पहुँचे हैं | लेकिन कुछ ऐसे रियलिटी शोज़ जैसे बिग-बॉस, इमोशनल
अत्याचार, बिंदास, एम-टीवी रोडीज़ आदि ज़रूर ऐसे हैं जिनमे साहस का चोला पहनाकर
बेशर्मी को परोसा गया | बिग-बॉस में पोर्न स्टार सनी लियोन को 5 करोड़ रूपए देकर
टीआरपी बढ़ाने की उद्देश्य से लाया गया था | बहुत से रियलिटी शोज़ में बेधड़क अन्तरंग
क्षणों की चर्चा की जा रही है | जिसके चलते यह शोज़ परिवार के साथ बैठने के योग्य
नही रह गया | बिंदास और दादागिरी ऐसे रियलिटी शोज़ है जिनमे प्रतिभागी सड़कछाप
गालियाँ बकते हैं और बीप के ज़रिये उसे दबाने का नाटक किया जाता है | बिग-बॉस में
भी गाली-गलौज मौजूद हैं |
पिछले दिनों सुर-संग्राम रियलिटी शो में
हिंदुस्तान और पाकिस्तान के प्रतिभागी शामिल हुए | इनके बीच कार्यक्रम में कहासुनी
भी हुई | निर्णायकों ने भी दोनों के बीच झगड़े को प्रोत्साहित किया | ऐसा लगा की
सुर-संग्राम दो गायकों के बीच न होकर दो मुल्कों के बीच हो रहा है जिसमे दोनों को
दुश्मन की पहचान कराई जा रही है | इस शो में ऐसे-ऐसे कमेन्ट किये गए कि लगा पडोसी
देश के साथ सम्बन्ध सुधरने के बजाये बिगड सकते हैं |
रियलिटी शोज़ पर यह आरोप लगते हैं कि इन्हें
चर्चा में लाने के लिए स्क्रिप्ट पहले से ही प्लान कर ली जाती है | लड़ना-झगडना,
रोना-धोना, गाली-गलौज और बदतमीजियों को जानबूझ कर रियलिटी शोज़ का हिस्सा बनाया
जाता है | और यह दिखाया जाता है कि पूरा कार्यक्रम पूरी ईमानदारी से बनाया जा रहा
है | बिग-बॉस में लोग किसी को भी किसी भी सीमा तक अपमानित कर सकते हैं |
टीवी रियलिटी शोज़ बनाने
वाले निर्माता और अन्य एक्सपर्ट का कहना है कि एक साथ बहुत सारे रियलिटी शोज़ का
प्रसारण होने की वजह से ये कार्यक्रम अनजाने ही ज़बरदस्त कम्पटीशन में फँस गए हैं |
टीआरपी बढ़ाने की नयी-नयी तरकीबें खोजना मजबूरी हो गयी हैं | दर्शक ड्रामेबाजी पसंद
करते हैं और प्रायोजित लड़ाई झगड़े का रियलिटी शोज़ में आनंद उठाते हैं | जाने-माने
रियलिटी शोज़ के जज और प्रसिद्द संगीतकार आदेश श्रीवास्तव कहते हैं कि रियलिटी शोज़
में जो कुछ भी होता है उसमे कुछ भी झूठ नहीं होता
| इसके ऊपर लगाए जाने वाले भावनात्मक शोषण के आरोप झूठे हैं | रियलिटी शोज़
में यदि ये तनाव पैदा नहीं किया जाएगा तो इन शोज़ को कौन देखेगा | रियलिटी शोज़ के
डिज़ाईनर गजेन्द्र सिंह कहते हैं कि करोड़ो रूपए खर्च करके बनाए गए कार्यक्रमों से
अगर चैनलों को फ़ायदा नहीं होगा तो इसे बनाने का मकसद क्या है | रियलिटी शोज़ ने समाज सुधार का ठेका नहीं लिया है | वही बनाया
जाता है जिसे दर्शक पसंद करते हैं | गायक और संगीतकार हिमेश रेशमिया रियलिटी शोज़
पर लगे गए सभी आरोपों को निराधार बताते हैं | उनका कहना है कि इन कार्यक्रमों ने बच्चों,
महिलाओं और कलाकरों को प्रोत्साहित किया है और इन्हें आगे आने में मदद की है | देश
में ऐसा कौन सा मनोरंजन है जो किसी टैलेंट को पांच करोड़ रुपया देता हो.. अश्लीलता
को रियलिटी शोज़ का हिस्सा नहीं बनने देना चाहिए, इसके साथ वो अपनी सहमति भी जताते
हैं |
कुल मिलाकर यह कहा जा सकता
है कि रियलीटी शोज़ में अभी सुधार की बहुत सम्भावना है और इन संभावनाओं पर काम करने
में कोई हर्ज भी नहीं है | व्यापर अपनी जगह है लेकिन समाज के प्रति टीवी चैनलों और
कलाकारों की जिम्मेदारी भी कम नहीं है | पैसा केवल आज काम आएगा लेकिन रियलिटी शोज़
समाज में जिन संस्कारों को रखेंगे, हो सकता है कि वो कई सौ और कई हज़ार वर्ष की
पूँजी हो जाएँ और आने वाली पीढ़ी को
प्रोत्साहित करते रहें |
-अजामिल

No comments:
Post a Comment