अजामिल
आज की
टेक्नोसेवी दुनिया में यूँ तो अपने अच्छे बुरे संदेशों को पहुंचाने के सौ तरीके
इज़ाद हो चुकें हैं, लेकिन इनमे एसएम्एस सबसे ज़्यादा लोकप्रिय और एक आम तरीका है |
जिस किसी पास एक सस्ता मोबाइल भी है, वह एसएम्एस के ज़रिये आसानी से अपने संदेश
प्रेषित कर रहा है | सच तो ये हैं कि एसएम्एस अब बच्चा नहीं रहा | इसकी उम्र 20
साल के लगभग हो चुकी है | 3 दिसंबर 1992 को पहला एसएम्एस भेजा गया था | दो दशक
पहले ये एसएम्एस 2से -5 शब्दों में लिखे जाते थे, लेकिन आज नई तकनीक के आने के बाद
ऑनलाइन मैसेज भेजने वाले लोग अपने मैसेज कई-कई पृष्ठों में भेज सकते हैं और वह भी
चुटकी बजाते | एसएम्एस की लोकप्रियता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि
पिछले साल मोबाइल, टैबलेट, कम्प्यूटर, लैपटॉप आदि का इस्तेमाल करने वाले
उपभोक्ताओं ने 78 खरब एसएम्एस का आदान प्रदान पूरी दुनिया में किया | इन एसएम्एस
के भेजे जाने की रफ़्तार 2 लाख प्रति सेकेण्ड से ज़्यादा रही | विशेषज्ञों का मानना
है कि जिस तरह से लोग एसएम्एस संदेशों पर आश्रित होते जा रहे हैं, उसे देखते हुए
सन 2013 में एसएम्एस के आदान प्रदान की संख्या 96 खरब तक पहुँचने वाली है और यह भी
माना जा रहा है कि पूरी दुनिया में संचार नेटवर्क कम्पनियाँ एसएम्एस के ज़रिये 150
अरब अमेरिकी डॉलर की कमाई करने जा रही है | 150 अरब अमेरिकी
डॉलर का मतलब होता है 8140 अरब रूपए | अपने देश में भी एसएम्एस अब काफी लोकप्रिय
हो चूका है | औसतन सभी मोबाइल उपभोक्ता 10-15 रूपए महीने एसएम्एस भेजने में खर्च
करते हैं |
3 दिसम्बर 1992 को ब्रिटेन के नील पेपवर्थ ने वोडाफोन के
जीएसएम नेटवर्क का इस्तेमाल कर कम्पूटर से दुनिया में पहला एसएम्एस भेजने में
सफलता प्राप्त की थी | इस एसएम्एस में लिखा गया था मैरी क्रिसमस ,जो रिचर्ड जर्विस
के एबीटेल के 901 हैंडसेट पर भेजा गया था | एसएम्एस भेजने की कल्पना वर्ष 1984 में
फिनलैंड के इंजीनियर मैकोनेन ने की थी और वो इस बारे में लगातार प्रयोग भी करते
रहे थे, लेकिन सिग्नल्स की आवाजाही में कुछ मुश्किलें आ रही थी इसलिए जो कुछ संदेश
में भेजा जा रहा था, स्क्रीन पर वह आधे-अधूरे ही जा पा रहे थे, लेकिन 1993 तक
एसएम्एस को सफलतापूर्वक भेजने में कामयाबी मिल गयी | आज एक साधारण मोबाइल से
एसएम्एस 160 कैरेक्टर में भेजे जा सकते हैं लेकिन यदि कोई चाहे तो वह एसएम्एस का
विस्तार कई पेजों में लगभग 340 कैरेक्टर तक आसानी से कर सकता है | एक और अच्छी बात
है कि पहले एसएम्एस यदि संदेश पाने वाले तक नहीं पहुँचता था तो वह डिज़ौल्व हो जाता
था लेकिन अब यह कई घंटे तक एयर में बना रहता है | इतना ही नहीं, आज एसएम्एस के
रिसीव होने के बाद उसकी सूचना भेजने वाले तक पहुँचती है |
एसएम्एस की लोकप्रियता का अंदाज़ इस बात से भी होता है कि मोबाइल
उपभोक्ताओं ने इसके लिए एक सुविधाजनक और संक्षिप्त भाषा तैयार कर ली है | बड़ी
संख्या में युवा आज कोड वर्ड में एसएम्एस कर रहे हैं और अपने संदेश दूसरों तक
पहुंचा रहे हैं | एसएम्एस भारत में
अधिकतर अंग्रेजी अथवा रोमन लिपि में भेजे जा रहे हैं | हिंदी अथवा अन्य दूसरी
भारतीय भाषाओं में अभी एसएम्एस भेजने का रिवाज़ कम है | एसएम्एस भेजने वालों ने
एसएम्एस की भाषा को बिना स्वर के भेजने और समझने के योग्य बना दिया है | सबसे
अच्छी बात यह है कि एसएम्एस भेजने वाले डंके की चोट पर कहते हैं कि उनकी भाषा पर
कोई ध्यान न दे, केवल उनकी भावनाओं को समझे | इस तरह कहा जा सकता है कि एसएम्एस पर
भावनाओं का आदान प्रदान हो रहा है | आज एसएम्एस की दस्तकें सभी मोबाइल पर हैं |
व्यक्तिगत संदेशों से लेकर व्यापारिक संदेश तक एसएम्एस के ज़रिये पहुंचाए जा रहे
हैं और इससे बाकायदा लाभ कमाया जा रहा है |
मैसेज
के लिए स्काईप, वी चैट और व्हाट्सअप जैसे विकल्प काफी लोकप्रिय हो चुके हैं | स्काईप,
व्हाट्अप, वी चैट, ई बडी, एक्सएम्एस और फेसबुक मैसेंजर संदेशो के प्रेषण के लिए
ऐसे माध्यम हैं जो मोबाइल अथवा टीवी उपभोक्ताओं को मुफ्त सेवाएं उपलब्द्ध कराते
हैं | स्काईप मैसेज के साथ उपभोक्ता को फोन कॉल और विडियो कॉल की सुविधा भी मिलती
है | स्काईप एंड्रोइड. आईफोन और विंडोज के कुछ वर्ज़न पर आसानी से काम करता है | लेकिन यह ब्लैकबेरी पर काम नहीं करता |
स्काईप को लैपटॉप या पर्सनल कम्पूटर पर इस्तेमाल किया जा सकता है | स्काईप की
मैसेजिंग सेवा बिल्कुल फ्री है लेकिन इसके लिए इन्टरनेट का खर्च देना पड़ता है |
व्हाट्सअप
एक ऐसी ऐप्लिकेशन है जिसे ब्लैकबेरी मैसेंजर के विकल्प के रूप में देखा जाता है |
इसकी सबसे अच्छी बात ये है कि यह सारे ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करती है | इसे जैसे
ही फोन पर इन्सटाल किया जाता है, यह ऐप्लिकेशन फोनबुक के उन सारे नंबर को सर्च कर
लेती है जिन पर व्हाट्सअप ऐप्लिकेशन का इस्तेमाल हो रहा होता है | ये सारे नंबर
फोनबुक में दर्ज हो जाते हैं | कोई भी उपभोक्ता इन्हें ऑनलाइन या ऑफलाईन देख सकता
है | फेसबुक की तरह इस ऐप्लिकेशन पर भी प्रोफाईल पिक्चर लगायी जा सकती है, स्टेटस
लिखा जा सकता है | व्हाट्सअप ऐप्लिकेशन भी एक फ्री सेवा है, लेकिन इंटरनेट का खर्च
इस पर भी आता है |
वी
चैट भी एक लोकप्रिय ऐप्लिकेशन है जो मुफ्त में उपभोक्ता को उसके दोस्तों और परिवार
के सदस्यों से गपशप कराती है | वी चैट पर फोटो या विडियो शेयर करने की भी सुविधा
है | यह भी लगभग सारे ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है | इसी तरह ईबडी एक्सएम्एस भी
सारे ऑपरेटिंग सिस्टम पर सेवाएँ देने वाली ऐप्लिकेशन है | उपभोक्ता जब इसे इन्सटाल
करता है तो वह सर्च के बाद उन सभी लोगों से जुड सकता है जो पहले से ई बडी का
इस्तेमाल कर रहे हैं यह पर्सनल कम्पूटर पर भी उपयोगी है और फेसबुक अकाउंट भी इससे
कनेक्ट हो जाता है |
फेसबुक
मैसेंजर एक ऐसी ऐप्लिकेशन है जो दोस्तों को मैसेज भेजने के लिए बेहद उपयोगी है
लेकिन यह ऐप्लिकेशन केवल फेसबुक दोस्तों को ही मैसेज भेजती है | फेसबुक मैसेंजर
ब्लैकबेरी, एप्पल, एंड्रोइड के अलावा विंडोज फोन पर भी काम करता है |
ध्यान
से देखा जाए तो एसएम्एस सेवाओं की भूमिका सामाजिक सन्दर्भों में बहुत महत्वपूर्ण
है | एसएम्एस के आदान प्रदान में जो तकनीकी परिवर्तन हो रहे हैं, उसे देखते हुए यह
भी लग रहा है कि आने वाल समय में कम्पनियाँ इसे कहीं बंद न कर दे | लेकिन
छोटे-छोटे संदेशों के ज़रिये दुनिया में संवाद को जो सिलसिला शुरू हुआ है वह तो अब
रुकने वाला नहीं है | एसएम्एस ने हजारों लोगों की जिंदगी बचाई है और सम्बन्ध
विच्छेद भी कराएं हैं | एसएम्एस ने पूरी दुनिया को एक ऐसी भाषा दी है जिसने मोबाइल
कम्पनियों को अरबों रूपए का फायदा कराया है | एसएम्एस के बीसवें जन्मदिन के मौके
पर विशेषज्ञों के बीच इस सवाल का जवाब भी खोजा जा रहा है कि स्मार्टफोन और भारी भरकम
डाटा को सहेजने और प्रेषित करने की तकनीक और सुविधा आज जब सामने है तब एसएम्एस कब
तक जिंदा रहेगा ? फिलहाल तो यही देखने में आ रहा है कि एसएम्एस का क्रेज पूरी
दुनिया में लगातार बढ़ता जा रहा है और आज इनकी संख्या इतनी ज़्यादा हो गयी है कि
इसके सम्प्रेषण में रुकावट भी आने लगी है | एंडर्स एनालेसिस में कार्यरत विशेषज्ञ बेनेडिक्ट
इवान यह मानते हैं कि एसएम्एस जैसी सुविधाएँ उपलब्द्ध कराने वाली पूरी दुनिया में
सौ से ज़्यादा फ्री एप्लीकेशंस हैं, जिनका इस्तेमाल पूरी दुनिया में ढाई अरब से
ज़्यादा लोग कर रहे हैं | इनमे बहुत से लोग ऐसे भी हैं जिनके अकाउंट एक से ज़्यादा
जगहों पर हैं | दस एप्लीकेशंस ऐसी हैं जो बहुत लोकप्रिय हैं और इनका इस्तेमाल एक
अरब लोग कर रहे हैं | ब्लैकबेरी का इस्तेमाल पूरी दुनिया में सिर्फ 6 करोड़ लोग ही
कर रहे हैं | एक वो समय था जब नील पेपवर्थ ने दुनिया का पहला एसएम्एस भेजा था
लेकिन उसे इस एसएम्एस का कोई जवाब नहीं मिला था | आज एसएम्एस न सिर्फ दस्तक देता
है बल्कि उस समय तक बीप करता रहता है जब तक आने वाला उसे खोल नहीं लेता और इतना ही
नहीं एसएम्एस फ़ौरन उपभोक्ता को रिप्लाई के लिए सुविधाएँ उपलब्ध करा देता है | दरअसल
नोकिया ने पहली आर अपने मोबाइल में एसएम्एस सुविधा को जोड़ा था, उस समय मुश्किल यह
थी कि एक विशेष नेटवर्क
से जुड़े लोग ही आपस में संदेश भेज सकते थे | 1994 में वोडाफोन ने मोबाइल पर शेयर प्राईज़
एलर्ट सेवा शुरू की | यह सेवा शेयर बाज़ार की गतिविधियों को जानने वालों के लिए
बहुत उपयोगी साबित हुई | 1995 में तैजिक सिस्टम यानी टी-नाईन की शुरुआत हुई | यह वह
सिस्टम था जिसमे पहले अक्षर से यह अंदाज़ लग जाता था कि उपभोक्ता कौन सा शब्द लिखना
चाहता है | दरअसल टी-नाईन ने एसएम्एस की आवश्यकता को अनिवार्य बना दिया और इसी के
बाद एसएम्एस सेवा व्यापक व्यवसायिक स्तर पर शुरू हो गयी | शुरू में एसएम्एस सेवा
बिल्कुल मुफ्त थी क्योंकि इसकी दर क्या रखी जाए इसे टेलिकॉम कम्पनियाँ तय नहीं कर
पा रही थी, लेकिन जैसे ही एसएम्एस के रेट्स तय हुए और इनकी संख्या में इजाफा हुआ
वैसे ही यह सेवा पेड हो गयी | यह जान कर
आश्चर्य होगा कि ब्रिटेन में पेड सेवा
होने के बाद पहले साल ही एक अरब से ज़्यादा एसएम्एस का आदान प्रदान किया गया जिससे
टेलिकॉम कम्पनियों को 10 करोड़ पाउंड की कमाई हुई | ठीक उसी साल से एसएम्एस की
उपयोगिता और अनिवार्यता की तालाश शुरू हो गयी और एक समय ऐसा भी आया जब मुसीबत में
फंसे लोगों के लिए एसएम्एस ही अपने लिए सहायता की पुकार का जरिया बना | सम्वाद कायम हो सका और लोगों की जाने बच गईं |
ब्रिटेन में इस बात
की चिंता जताई जा रही है कि एसएम्एस के लिए जिस भाषा का प्रयोग किया जा रहा है,
उससे अंग्रेजी की असली सूरत बिगड़ जायेगी | मुश्किल यह है कि बहुत से लोग अब यह
मानने लगे हैं कि असली अंग्रेजी तो एसएम्एस में ही लिखी जा रही है और बहुत से
लोगों को यह भ्रम भी हो गया है कि एसएम्एस की अंग्रेजी सही है | बहरहाल, स्मार्ट
फोन और डाटा सेवाओं के शुरू होने के बाद एसएम्एस की व्यवस्था चरमराने ज़रूर लगी है
| जो टेलिकॉम कम्पनियों को एसएम्एस से मुनाफा कमाने का मौका देती थी | ब्रिटिश
पत्रकार चार्ल्स ऑर्थर का मानना है कि इसके नए एप्लीकेशन एकदम मुफ्त मिलते हैं और
जब आपको मोबाइल फोन पर सिग्नल भी न मिल रहे हो तब एसएम्एस के संवाद बहुत काम के
होते हैं लेकिन फिनलैंड के मोबाइल नेटवर्क सोनेरा ने जो जानकारी दी है, उसके
मुताबिक़ क्रिसमस पर भेजे गए एसएम्एस की संख्या पिछले साल के 1 करोड़ से घट कर 85
लाख हो गयी है | अपने देश में नए वर्ष के संदेशों के आदान प्रदान में भी इस वर्ष 14
फ़ीसदी की कमी दर्ज की गयी है हालांकि नए
वर्ष के शुभकामना संदेश पूरे जनवरी भेजे जाते हैं |
यह नहीं मानना चाहिए
कि नए ऐप्लिकेशन के आ जाने के बाद एसएम्एस
विदा हो जायेंगे और मोबाइल ऑपरेटर्स की हालत खराब हो जायेगी | एसएमएस से टेलिकॉम
कम्पनियों ने काफी कमाई की है और जो हालात हैं उसमे ये कमाई कम से कम अभी दस वर्ष
और होगी | और मान ले कि एसएमएस खत्म भी हो गए तो मोबाइल ऑपरेटर्स कमाई का कोई और
जरिया निकाल लेंगे लेकिन छोटे संदेशों की न कभी ज़रूरत कम होगी और न इसकी
अनिवार्यता ही | ट्विटर पर जो संदेश ट्वीट किये जाते हैं वे भी तो एक तरह के
एसएम्एस ही हैं | जाहिर है कि एसएम्एस कम हो सकते हैं लेकिन खत्म कभी नहीं होंगे
और इसकी सबसे बड़ी वजह यही होगी कि एसएमएस का भेजना सरल है सहज है और सुविधाजनक है
| इसके माध्यम से समय और शक्ति दोनों बचाई जा सकती है | एसएमएस की बीसवीं वर्ष
गाँठ पर सभी मोबाइल उपभोक्ताओं को ब्रॉडबैंड इंडिया की ढेर सारी शुभकामनाएं |

No comments:
Post a Comment