एक
कारोबार ऐसा भी
आपको याद होगा कि पिछले 5-6 साल पहले
टीवी चैनलों पर प्रसारित होने वाले रियलिटी शोज़ में चलने वाली प्रतियोगिताओं और
प्रतिस्पर्धाओं में फैसलों का आधार किसी विशेष प्रतियोगी के पक्ष में दर्शकों
द्वारा भेजे गए एसएमएस की संख्या हुआ करती थी | चैनलों के साथ टेलिकॉम कम्पनियों
का लिखित अलिखित कुछ प्रतिशत के लाभ का समझौता हुआ करता था | दर्शक एक एसएमएस अपने
बैलेंस से दस रूपए कटवा कर भेजा करता था बाद में यह रकम पहले पांच और फिर दस रूपए
तक पहुँच गयी | चैनल और टेलिकॉम कम्पनियां मिल कर रियलिटी शो के हर एपिसोड से
करोड़ों रुपया दर्शकों की जेब से वसूल लेती थी | बाद में जब इस समझौते का भेद सामने
आ गया तब दर्शकों ने एसएमएस भेजने बहुत कम कर दिए | बाद में फैसला सुनाने की यह
परम्परा भी समाप्त हो गयी | कुछ और दूसरी कम्पनियों ने भी अपने उत्पाद के
प्रचार-प्रसार के लिए एसएमएस के ज़रिये उपभोक्ताओं की भागीदारी सुनिशिचित की | ऐसी
कम्पनियों ने कुछ लाख रूपए के इनाम देकर करोड़ो रूपए एसएमएस के ज़रिये कमाए | कुल rमिलाकर
एसएमएस टेलिकॉम कम्पनियों का ही नहीं तमाम प्राईवेट कम्पनियों और चैनलों का भी
फलता-फूलता व्यापार बन गया | फ़िलहाल पोल खुलने के साथ ही एसएमएस की कमाई पर खुद ही
लगाम लग गयी |
लेकिन टीवी चैनलों, सामाजिक संस्थाओं और
व्यापारिक कम्पनियों की जुगाड़ टेक्नोलॉजी ने मिस्ड कॉल से अरबों की कमाई का एक नया
रस्ता निकाल लिया है | कोई सोच भी नहीं सकता था कि मिस्ड कॉल एक दिन ऐसा भी आएगा
जब बाकायदा विचारों, इशारों और सूचनाओ की भाषा बन जाएगी | आज रोज मर्रा की जिंदगी
में मिस्ड कॉल सभी मोबाइल उपभोक्ता करते हैं | मिस्ड कॉल के ज़रिये एक उपभोक्ता
दूसरे उपभोक्ता को आसानी से सूचनाएँ प्रेषित कर देता है | आम तौर पर लोग मिस्ड कॉल
के ज़रिये ये बता देते हैं कि वो पहले से तय किसी विशेष स्थान पर पहुँच चुके हैं
अथवा कोई किसी से मिलने जब निशचित जगहे पर पहुँच जाता है तब वह मिस्ड कॉल करता है
और कभी-कभी तो यह एक इशारा होता है कि मेरे मोबाइल में बैलेंस नहीं है तुम मुझे
फोन करो | दरअसल मिस्ड कॉल का इस्तेमाल ज़्यादातर युवा पीढ़ी के लोग करते हैं | इनमे
एक दूसरे के बीच ये तय रहता है कि एक मिस्ड कॉल दो मिस्ड कॉल और तीन मिस्ड कॉल का
अलग-अलग मतलब क्या है | प्रेमी-प्रेमिकाएं भी बड़े आराम से मिस्ड कॉल करके संदेश
भेज देते हैं कि अभी पापा घर पर हैं बाद में बात करेंगे | कुल मिला कर कहा जा सकता
है कि मिस्ड कॉल आज एक ऐसी भाषा बन चुकी है जिसमे हर्रे लगे ना फिटकरी, रंग चोखा
उतर रहा है | जुगाड़ टेक्नोलॉजी की अपार महिमा वाले इस देश में ही मिस्ड कॉल एक
भाषा बन सकती है और भारत तो आज इस मामले में दुनिया में सबसे आगे है |
भारत में जम्मू-काश्मीर से लेकर चेन्नई
तक और गुजरात से लेकर गुवाहाटी तक देश भर में 90 करोड़ से ज़्यादा लोग मोबाइल फोन्स
का इस्तेमाल कर रहे हैं और इनमे से 96 प्रतिशत लोग ऐसे हैं जो मिस्ड कॉल का
इस्तेमाल संदेश प्रेषित करने में करते हैं | मिस्ड कॉल आज एक ऐसी भाषा बन चुकी है
जो किसी विशेष व्यक्ति विचार को लेकर जनमत के आकलन का काम भी कर रही है | अन्ना
हजारे का भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन रहा हो या दिल्ली में चलती बस में हुए छात्रा
के साथ सामूहिक बलात्कार का प्रकरण, देश के हर संवेदनशील व्यक्ति ने मिस्ड कॉल के
ज़रिये अपना गुस्सा व्यक्त किया था | करोड़ों लोगों ने कुछ सुनिश्चित मोबाइल नंबरों
पर मिस्ड कॉल करके यह जाता दिया था कि जो कुछ भी हो रहा है, वे उसका विरोध करते हैं
| संगठनों ने यह पहले ही प्रस्ताव बना कर तय कर दिया था कि एक मिस्ड कॉल का क्या
मतलब है और जनता सरकार से क्या कहना चाहती है | आपको आश्चर्य होगा कि ये मिस्ड कॉल
की संख्या राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को सूचित की गयी जिससे सरकार को उचित निर्णय
लेने में आसानी हुई |
आज बड़ी कम्पनियों ने मिस्ड कॉल को
बाकायदा कमाई का जरिया बना लिया है | मिस्ड कॉल तेजी से उभरता हुआ एक बड़ा और
संगठित कारोबार बन चूका है | हर साल कम्पनियाँ मिस्ड कॉल के ज़रिये 500 करोंड रूपए
से ज़्यादा की कमाई कर रहे हैं | इस कारोबार में अभी मुख्य हिस्सेदारी बैंकों, बहुराष्ट्रीय
कम्पनियों और तमाम राजनैतिक दलों की है लेकिन बहुत तेजी से दूसरे कारोबार से जुड़े कारोबारी
भी इसमें शामिल हो रहे हैं | तमाम बैंकों ने अपने उपभोक्ताओं को यह सुविधा उपलब्ध
कराती है कि कोई भी उपभोक्ता बिना बैंक अधिकारी से बात किये केवल एक मिस्ड कॉल को
एक बैंक द्वारा दिए गए निशचित नंबर पर करके एसएमएस के ज़रिये अपने अकाउंट में जमा
राशि का पता लगा सकता है | इसी तरह किसी दूसरे नंबर पर मिस्ड कौलो करने पर
उपभोक्ता को बैंक मिनी स्टेटमेंटस दे सकता है | आप पूछ सकते हैं कि इससे बैंक को
क्या फायदा है | बैंकों और कम्पनियों का सबसे बड़ा फायदा यही है कि उन्हें अपने
उपभोक्ता से बात करने और उनकी समस्या का निदान करने के लिए कॉल सेंटर स्थापित करने
के बाद कस्टमर केयर अधिकारीयों, कर्मचारियों की जो टीम तैनात करनी पड़ती है उस पर आने वाला लाखों रूपए
का खर्च और टेलीफोन बिल का खर्च मिस्ड कॉल के इस्तेमाल से बच जाता है | मिस्ड कॉल की
जुगाड टेक्नोलॉजी इतनी सफल हुई है कि आईसीआईसीआई बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, एक्सेस
बैंक, कॉर्पोरेशन बैंक, सिंडिकेट बैंक और बैंक ऑफ इंडिया जैसे सरकारी बैंक भी इसका
इस्तेमाल बिना किसी संकोच के कर रहे हैं |
आपको आश्चर्य होगा कि देश में 100 से
ज़्यादा ऐसी बड़ी कम्पनियां हैं जो मिस्ड कॉल का कारोबारी इस्तेमाल करके अरबों रूपए
की बचत कर रही हैं और ये बचत आखिरकार कम्पनी की कमाई ही तो हुई | बड़े उद्योग समूह,
टेलिविज़न चैनल और राजनैतिक दल मिस्ड कॉल का सबसे ज़्यादा इस्तेमाल करते हैं | ब्रांडिंग
और रिटेल क्षेत्र की कम्पनियां अपने उपभोक्ताओं को लुभाने और उन्हें अपनी कम्पनी
से जोड़ने के लिए भी मिस्ड कॉल के आधार पर नए-नए विज्ञापन बना कर अपनी ओर आकर्षित
कर रही हैं | टीवी चैनलों और खास तौर पर मनोरंजन से जुड़े टीवी चैनलों पर तो मिस्ड
कॉल दर्शकों का अंतिम फैसला माना जा रहा है | किस प्रतिभागी के पक्ष में कितने
मिस्ड कॉल चैनल ने रिसीव किये इसकी संख्या कलाकार को श्रेष्ठ और सर्वश्रेष्ठ
कलाकार साबित कर रही है | समाचार चैनल भी दर्शकों की राय जानने के लिए मिस्ड कॉल
का सहारा ले रहे हैं | कारोबारियों ने किसी विशेष नम्बर पर मिस्ड कॉल मिलने पर किसी
खास सूचना को प्रेषित करने की व्यवस्था ही कम्यूटर पर बना दी है | कुछ कम्प्यूटरों
पर मिस कॉल के जवाब फीड कर दिए गए हैं | उपभोक्ता को सिर्फ मिस्ड कॉल करना होता है
और उसे पूरी जानकारी मिल जाती है | बहुत सी कम्पनियां उपभोक्ताओं द्वारा मिस्ड कॉल
करने पर शोरूम में नए उत्पादों के आने की सूचना दे रही हैं | सिनेमाघरों ने भी
मिस्ड कॉल करने वाले दर्शकों को यह बताना शुरू कर दिया गया है कि उनके सिनेमाघरों
में कौन सी फिल्म चल रही है और उनके टिकट उपलब्ध हैं या नहीं | कहीं-कहीं शहर के
तमाम सिनेमाघरों ने मिस्ड कॉल करने पर एक साथ दर्शक को यह बताना शुरू कर दिया है
कि किस सिनेमा घरों में कौन सी फिल्म चल रही है और उसकी टिकट दरें क्या हैं |
मिस्ड कॉल का करीब 20 फ़ीसदी कारोबार
महानगरों में हो रहा है | 35 फीसदी देश के दूसरे शहरों से हो रहा है और 45 फीसदी
कारोबार ग्रामीण सेंटरों से हो रहा है | अगर हम सबका आकलन करे तो पता चलता है कि छोटी
बड़ी तकरीबन 200 कम्पनियों ने अपने कॉल सेंटर बंद कर दिए हैं या उन्हें बहुत छोटा
कर दिया है | उपभोक्ताओं और दर्शकों को मिस्ड कॉल करने पर रिकॉर्डेड जवाब सुनवाए
जा रहे हैं | मिस्ड कॉल एक ऐसा बटन हो गया है जिसके पहुंचे ही संदेश ऑटोमेटिकली
प्रसारित होने लगता है | ज़ाहिर है कि कम्पनियां कॉल सेंटर पर होने वाले करोड़ो रूपए
के खर्च की बचत कर रही हैं और ये bachबचत कम्पनियों की अरबों की कमाई है | इससे
अगर नुकसान हो रहा है तो टेलिकॉम कम्पनियों को हो रहा है |
मिस्ड कॉल का इस्तेमाल बहुत जल्दी
वेरिफिकेशन के लिए भी किया जा सकता है, मिस्ड कॉल आपका हस्ताक्षर भी बन सकता है और
मिस्ड कॉल ये भी तय कर सकता है कि आप शारीरिक रूप से उपस्थित हैं यह मिस्ड कॉल
किसी रोबोटिक प्रक्रिया का हिस्स्सा नहीं है | अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी
आंदोलन के दौरान 180 दिनों के अंदर अभियान से जुड़े लोगों ने करीब ढाई करोड़ मिस्ड
कॉल किये थे |
मौजूदा समय में नेटकोर सौल्यूशंस पर देश
भर में हिन्दुस्तान यूनी लीवर के मिस्ड कॉल वाले सैगमेंट की ज़िम्मेदारी है | ज़िप
डायल मोबाल सौल्यूशंस भी अपने ग्राहकों को मिस्ड कॉल पर आधारित सेवाएँ आधारित
कराता है | इन कम्पनियों के ग्राहकों में प्रौक्टर एंड गेम्बल और जिलेट जैसी
कम्पनियां शामिल हैं | पिछले 2 सालों में मिस्ड कॉल की जुगाड़ टेक्नोलौजी के चलते
कम्पनी का कारोबार तकरीबन 6 गुना बढ़ चूका है और अब इस कारोबार को पश्चिम एशिया,
अफ्रीकी और लेटिन अमेरिकी बाज़ारों तक ले जाने की कोशिशें चल रही हैं | मिस्ड कॉल
की सुविधा ग्राहकों को इसलिए पसंद आ रही हैं क्योंकि इसमें किसी जानकारी को हांसिल
करने के लिए ग्राहकों को अपनी जेब से कुछ नहीं देना पड़ता | मिस्ड कॉल के धंधे ने
एसएमएस के कारोबार को जोर का झटका धीरे से दे दिया है | उपभोक्ता भी एसएमएस का काम
मिस्ड कॉल से लेने लगे हैं | एसएमएस उपभोक्ता तभी करते हैं जब लिखी गयी बात का कोई
रिकॉर्ड रख्नना होता है | इस देश में एसएमएस का इस्तेमाल 10 में से केवल 4 लोग
करते हैं | 6 लोगों को एसएमएस का लिखना परेशानी भरा लगता है | जबकि मिस कॉल में तो
कुछ भी नही करना है और मिस्ड कॉल की डिलीवरी 100 प्रतिशत सुनिश्चित होती है | एसएमएस
लिखने में समय जाया होता है मिस्ड कॉल आसानी से हो जाता है | कुल मिलकर देखा जाये
तो मिस्ड कॉल का कारोबार आने वाले दिनों में और भी ज़्यादा फलने फूलने वाला है | लेकिन
मिस्ड कॉल करने वाले लोग इस शंका में हमेशा बने रहेंगे कि दूसरे सिरे पर उनके
मिस्ड कॉल का आखिर क्या मतलब निकाला गया है और उनकी समस्या का निदान हुआ है या
नहीं | ये
तो मानना ही पड़ेगा कि जुगाड़ टेक्नोलॉजी आखिरकार जुगाड़ टेक्नोलॉजी ही है | जुगाड़ से
सिर्फ काम निकल जाता है | जुगाड़ टेक्नोलॉजी भरोसे की परिधि में कभी नहीं आती |
(ब्रॉडबैंड इंडिया को मिस्ड
कॉल या एसएमएस करके या पत्र लिख कर आप बता सकते हैं कि ये लेख आपको कैसा लगा
पत्रिका आपको कैसी लग रही है, पत्रिका में आप और क्या-क्या पढ़ना चाहते हैं | हमें
आपके मिस्ड कॉल की प्रतीक्षा है)

No comments:
Post a Comment